मिचेल स्टार्क के एक ओवर ने पूरी तरह मैच का मोमेंटम बदल दिया और राजस्थान रॉयल्स 220 के करीब पहुंचने के बजाय 193 रन पर रुक गई।
आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 193 रन बनाए। एक समय राजस्थान की टीम आसानी से 220 रन के पार जाती दिख रही थी, लेकिन अंतिम छह ओवरों में दिल्ली के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की।
बता दें कि, राजस्थान रॉयल्स 14 ओवर के बाद 2 विकेट पर 160 रन बना चुकी थी। क्रीज पर रियान पराग और ध्रुव जुरेल तेजी से रन बना रहे थे और दिल्ली के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में थे। हालांकि, 15वें ओवर में मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने लगातार विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने पॉवरप्ले में खेली विस्फोटक पारी
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने तेज शुरुआत की। यशस्वी जायसवाल ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन वह 12 रन बनाकर लुंगी एनगिडी का शिकार बने। इसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दिल्ली के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 21 गेंदों में 46 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत राजस्थान ने पॉवरप्ले में 75/1 का स्कोर बनाया और शुरुआती छह ओवर पूरी तरह अपने नाम किए।
ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने संभाली पारी
वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने राजस्थान की पारी को तेजी से आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों पर 72 रनों की शानदार साझेदारी की और रन रेट लगातार ऊपर बनाए रखा।
रियान पराग ने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 26 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। दूसरी तरफ ध्रुव जुरेल ने संयम और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 53 रन बनाए। 14 ओवरों तक राजस्थान का स्कोर 160/2 तक पहुंच चुका था और वह 220 आराम से रन के करीब पहुंचती दिख रही थी।
स्टार्क के एक ओवर ने बदल दिया पूरा मैच
15वां ओवर लेकर आए अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने राजस्थान की पारी पूरी तरह रोक दी। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर रियान पराग को आउट किया। इसके बाद अगली ही गेंद पर डोनोवन फरेरा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
स्टार्क ने इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर डेब्यू कर रहे रवि सिंह को भी आउट कर दिया। एक ही ओवर में तीन विकेट गिरने से राजस्थान पूरी तरह बैकफुट पर चली गई।
इसके बाद दिल्ली के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। राजस्थान रॉयल्स आखिरी 6 ओवरों में सिर्फ 33 रन ही बना सकी और इस दौरान टीम ने 6 विकेट गंवा दिए।
दिल्ली के लिए स्टार्क और एनगिडी ने किया शानदार प्रदर्शन
दिल्ली कैपिटल्स के लिए लुंगी एनगिडी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में सिर्फ 24 रन देकर 2 विकेट झटके। इसके अलावा, मिचेल स्टार्क ने 4 ओवरों में 40 रन देकर 4 विकेट लिए और एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर राजस्थान रॉयल्स के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। वहीं माधव तिवारी ने भी 2 विकेट लेकर राजस्थान की रन गति पर ब्रेक लगाया।
अब दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 20 ओवरों में 194 रन बनाने हैं, जो दिल्ली जैसी बैटिंग पिच पर बड़ी बात नहीं होगी। इसीलिए, यह कहा जा सकता है कि मेजबान टीम इस मैच में आसानी से जीत हासिल कर लेगी।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







