Thursday, June 4

IPL 2026 में पंजाब किंग्स को अब टीम को सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि दूसरी टीमों के रिजल्ट पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।

आईपीएल 2026 (IPL 2026) में एक समय पॉइंट्स टेबल की टॉप टीमों में शामिल रहने वाली पंजाब किंग्स (Punjab Kings) अब लगातार छह हार के बाद मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है। शुरुआती 7 मुकाबलों में 6 जीत और एक नो रिजल्ट के बाद टीम के 13 अंक थे, लेकिन उसके बाद 6 लगातार हार ने पूरा समीकरण बदल दिया।

धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 23 रनों की हार के बाद पंजाब किंग्स अब 13 मैचों में 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। इसके अलावा, उनका नेट रन रेट भी गिरकर +0.227 हो गया है। अब उनका सिर्फ एक लीग मैच बाकी है और वह अधिकतम 15 अंकों तक ही पहुंच सकती है।

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में शानदार शुरुआत के बाद कैसे गंवाई पकड़?

पंजाब किंग्स ने इस सीजन की शुरुआत बेहद दमदार तरीके से की थी। उन्होंने गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों को हराया था। दिल्ली के खिलाफ 265 रनों का बड़ा लक्ष्य चेज करने के बाद पंजाब को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। लेकिन इसके बाद वह अब तक एक भी मैच में जीत नहीं हासिल कर सके हैं।

पंजाब किंग्स का राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार से शुरू हुआ सिलसिला गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी जारी रहा। अब लगातार छह हार ने टीम को सीधे प्लेऑफ की रेस में संकट में डाल दिया है।

IPL 2026 पॉइंट्स टेबल में पंजाब किंग्स की स्थिति

पंजाब किंग्स फिलहाल 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर जरूर है, लेकिन उनका सिर्फ एक ही मैच बाकी है। दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स के तीन और चेन्नई सुपर किंग्स के दो मुकाबले बाकी हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स भी 11 अंकों के साथ रेस में बनी हुई है।

इसके अलावा, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में क्वालीफाई कर चुकी है। गुजरात टाइटंस के 16 अंक हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 14 अंकों पर पहुंच चुकी है। राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के 12-12 अंक हैं और दोनों टीमों के अभी मुकाबले बाकी हैं।

पंजाब किंग्स का प्लेऑफ क्वालिफिकेशन समीकरण क्या है?

अगर पंजाब किंग्स अपना आखिरी मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत जाती है, तो वह 15 अंकों तक पहुंच जाएगी। लेकिन सिर्फ 15 अंक हासिल करना प्लेऑफ के लिए काफी नहीं होगा।

पंजाब किंग्स को उम्मीद करनी होगी कि चेन्नई सुपर किंग्स अपने बाकी दो मैचों में से कम से कम एक हार जाए। साथ ही राजस्थान रॉयल्स भी अपने तीन में से दो मुकाबले हार जाए। अगर ये दोनों टीमें 16 या उससे ज्यादा अंकों तक पहुंच जाती हैं, तो पंजाब किंग्स बाहर हो सकती है।

सनराइजर्स हैदराबाद के 14 अंक हैं और उनके भी मुकाबले बाकी हैं। अगर SRH एक और मैच जीत लेती है, तो वह भी पंजाब से आगे निकल जाएगी। ऐसे में पंजाब किंग्स को दूसरे रिजल्ट्स पर काफी ज्यादा निर्भर रहना पड़ेगा।

नेट रन रेट भी बन सकता है बड़ा फैक्टर

पंजाब किंग्स का नेट रन रेट फिलहाल +0.227 है, जो चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स से बेहतर है। यही चीज टीम के लिए सबसे बड़ी उम्मीद बन सकती है।

अगर कई टीमें 15 अंकों पर खत्म करती हैं, तो नेट रन रेट के आधार पर पंजाब किंग्स को फायदा मिल सकता है। हालांकि, इसके लिए टीम को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।

लगातार छह हार ने बदल दिया पूरा सीजन

एक समय पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 की सबसे खतरनाक बल्लेबाजी टीम माना जा रहा था। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह तेज शुरुआत दे रहे थे, जबकि श्रेयस अय्यर शानदार फॉर्म में थे। लेकिन पिछले छह मुकाबलों में टीम दबाव झेलने में पूरी तरह फेल रही है।

गेंदबाजी में भी टीम लगातार संघर्ष करती दिखाई दी है। डेथ ओवर्स में रन रोकने में नाकामी और बड़े मैचों में खराब फैसलों ने पंजाब किंग्स को मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया है।

अब पंजाब किंग्स के लिए समीकरण साफ है। पहले उन्हें अपना आखिरी मुकाबला जीतना होगा और उसके बाद दूसरी टीमों के रिजल्ट उनके पक्ष में जाने की उम्मीद करनी होगी।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version