KL राहुल और कुलदीप यादव के शानदार प्रदर्शन बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ अपना सीजन खत्म किया।

IPL 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 40 रनों से हराकर अपने अभियान का अंत जीत के साथ किया। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 203 रन बनाए थे, जिसके जवाब में KKR की टीम 18.4 ओवरों में 163 रन पर ऑलआउट हो गई।

हालांकि, दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी थीं, लेकिन इसके बावजूद मुकाबले में कई शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन देखने को मिले। दिल्ली की तरफ से KL राहुल ने तेज अर्धशतक लगाया, जबकि गेंदबाजी में कुलदीप यादव और लुंगी एंगिडी ने मैच पलट दिया।

KL राहुल ने खेली तूफानी पारी

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी रही। अभिषेक पोरेल ने 22 रन बनाए, जबकि KL राहुल ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। राहुल ने सिर्फ 30 गेंदों में 60 रन ठोक दिए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा।

साहिल पारख ने भी 24 रनों की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने 25 गेंदों में 39 रन बनाए और डेविड मिलर ने 19 गेंदों में 28 रन जोड़े। आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा ने तेजी से रन बनाते हुए दिल्ली को 203/5 तक पहुंचाया।

KKR की तरफ से सौरभ दुबे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए।

रहाणे ने दिलाई तेज शुरुआत, लेकिन फिर बिखर गई KKR

204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR को फिन ऐलन और अजिंक्य रहाणे ने तेज शुरुआत दिलाई। ऐलन ने 13 गेंदों में 20 रन बनाए, जबकि रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 63 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए।

मनीष पांडे ने भी 16 गेंदों में 25 रन बनाए और एक समय KKR का स्कोर 8.3 ओवरों में 87/2 था। यहां तक मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ था।

कुलदीप यादव ने बदला मैच का रुख

बीच ओवरों में कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच पूरी तरह दिल्ली की तरफ मोड़ दिया। उन्होंने पहले कैमरून ग्रीन को आउट किया, फिर अजिंक्य रहाणे का बड़ा विकेट लिया। अगली ही गेंद पर रिंकू सिंह को आउट कर कुलदीप हैट्रिक पर पहुंच गए। उनकी इस स्पेल के बाद KKR की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में आ गई।

कुलदीप यादव ने 4 ओवरों में 29 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं लुंगी एंगिडी ने भी 3 विकेट झटके। मिचेल स्टार्क ने डेथ ओवरों में 2 विकेट लेकर मैच खत्म किया।

KKR ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी की थी

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए IPL 2026 का सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा। टीम को शुरुआती 6 मैचों में एक भी जीत नहीं मिली थी। हालांकि, इसके बाद KKR ने जोरदार वापसी करते हुए आखिरी 8 मुकाबलों में 6 जीत दर्ज की, लेकिन खराब शुरुआत की वजह से टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने इस जीत के साथ सीजन में अपनी सातवीं जीत दर्ज की और सम्मानजनक तरीके से टूर्नामेंट खत्म किया।

अब 26 मई से शुरू होगा IPL 2026 प्लेऑफ

अब IPL 2026 का लीग स्टेज समाप्त हो चुका है और सभी चार प्लेऑफ टीमें तय हो गई हैं। पहला क्वालीफायर मुकाबला 26 मई को धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 27 मई को मुल्लांपुर में एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होगा।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version