आईपीएल की टैगलाइन है, “यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोति:” जिसका मतलब होता है “व्हेयर टैलेंट मीट्स ऑपर्च्युनिटी”। इस लीग में युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। पहले भी इस टूर्नामेंट में कई बड़े सितारे निकले हैं जिन्होंने अपने खेल से दुनियाई क्रिकेट पर राज किया है।
आईपीएल 2026 में भी कई युवा खिलाड़ी हैं जो कि इस बार धमाल मचाते हुए नजर आएंगे। तो चलिए जानते हैं आईपीएल 2026 के उन 5 सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों के बारे में?
आईपीएल 2026 के उन 5 सबसे चर्चित युवा खिलाड़ी
1. आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre)
आईपीएल 2026 के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में से एक अंडर 19 वर्ल्ड कप विनिंग टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे हैं। उन्होंने पिछले सीजन कुछ मैचों में अपनी टैलेंट की झलक दिखाई थी और इस बार वो और अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।
आयुष को पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया था। जिसके बाद उन्हें कुछ मैचों में मौका भी मिला था, जहां उन्होंने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था। अब आईपीएल शुरू होने से पहले उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने अंडर 19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था, जिसके चलते उनकी चर्चा हो रही है।
2. वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi)
14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने आक्रामक खेल से दुनिया भर के प्रशंसकों को मंत्रमुग्ध करके रख दिया है। पिछले सीजन वैभव को राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ में खरीदा था। अंत में उन्हें कुछ मैचों में खेलने का मौका दिया गया था, जहां उन्होंने डेब्यू में पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया था।
उसी सीजन वैभव ने आईपीएल में दूसरा सबसे तेज शतक भी लगाया था। अब अंडर 19 वर्ल्ड कप जिताने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। फाइनल में सूर्यवंशी ने 175 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी।
3. कार्तिक शर्मा (Kartik Sharma)
19 वर्षीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने इस ऑक्शन में 14.40 करोड़ में खरीदा था। वह संयुक्त रूप से सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए थे। कार्तिक को सीएसके ने पिछले साल ही अपनी टीम के साथ जोड़ा था, लेकिन तब उन्होंने अपना नाम ऑक्शन में नहीं डाला था, जिसके चलते फ्रेंचाइजी उन्हें अपने साथ नहीं जोड़ पाई थी।
हालांकि इस बार चेन्नई ने कोई गलती नहीं की और ऑक्शन में उन्हें खरीद लिया था।
4. लुहान डी प्रेटोरियस (Luhaan De Pretorious)
लुहान डी प्रेटोरियस को राजस्थान रॉयल्स ने पिछले साल 30 लाख में खरीदा था। पिछले सीजन उनको ज्यादा मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन गिने-चुने मुकाबलों में ही अफ्रीकी युवा खिलाड़ी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।
आईपीएल 2026 से पहले लुहान ने साउथ अफ्रीका के लिए भी कई मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था। इस सीजन उनके नाम की चर्चा काफी ज्यादा है।
5. प्रशांत वीर (Prashant Veer)
उत्तर प्रदेश के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर को चेन्नई ने 14.40 करोड़ में खरीदा था। वह भी बतौर अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में संयुक्त सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे।
प्रशांत ने यूपी टी20 लीग में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था, जिसके चलते सीएसके ने उनके ऊपर बड़ी बोली लगाई थी। उनको जडेजा के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल किया गया था, इसलिए उनके ऊपर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

