Thursday, February 12

IPL Youngsters Who Made Mumbai Indians Regret Their Shocking Releases: आईपीएल में मुंबई इंडियंस सबसे सफल फ्रेंचाइज़ी में से एक है। पांच बार की चैंपियन इस टीम ने अपनी शानदार स्काउटिंग और खिलाड़ियों को निखारने की क्षमता के दम पर लीग में दबदबा बनाया है। लेकिन हर सफलता के पीछे कुछ फैसले ऐसे भी होते हैं, जिनका खामियाजा टीम को लंबे समय तक भुगतना पड़ता है।

मुंबई इंडियंस ने पिछले कुछ सीजन में कई ऐसे खिलाड़ियों को रिलीज किया, जिन्होंने बाद में खुद को बड़े मंच पर साबित कर दिखाया। इनमें से कुछ युवा खिलाड़ी आज अपने करियर के शिखर पर हैं और दूसरी फ्रेंचाइज़ियों के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं या इंटरनेशनल क्रिकेट में जलवा बिखेर रहे हैं। यहाँ हम आपको ऐसे ही 4 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें रिलीज करना मुंबई इंडियंस को भारी पड़ा।

ये हैं वो 4 खिलाड़ी जिन्हें रिलीज करना पड़ा मुंबई इंडियंस को भारी

4. कैमरन ग्रीन

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2023 के ऑक्शन में 17.50 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा था। उस सीजन ग्रीन ने 16 मैचों में एक शतक के साथ 452 रन बनाए थे, जिसमें उनका औसत 50.22 और स्ट्राइक रेट 160.28 रहा। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट भी चटकाए थे।

इसके बावजूद फ्रेंचाइज़ी ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड कर अपनी कप्तानी मजबूत करने के लिए ग्रीन को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ एक्सचेंज कर दिया। यह फैसला टीम के संतुलन के लिहाज से तो सही लगा, लेकिन बाद में हालात बदल गए।

ऑस्ट्रेलिया के लिए ग्रीन ने शानदार प्रदर्शन कर खुद को फिर से साबित किया। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में उन्होंने 205 रन बनाए। इसके अलावा,उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में केवल 47 गेंदों पर शतक जड़ दिया, जो ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरा सबसे तेज वनडे शतक था। अगर मुंबई इंडियंस उन्हें बनाए रखती, तो रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के ख़राब फॉर्म में भी टीम को मजबूती मिलती।

3. डेवाल्ड ब्रेविस

दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज और बेबी एबी के नाम से चर्चित डेवाल्ड ब्रेविस को मुंबई इंडियंस ने 2022 के ऑक्शन में 3 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने उस सीजन 10 मैचों में 133.72 की स्ट्राइक रेट से 230 रन बनाए थे। हालाँकि, ब्रेविस को लगातार ज्यादा मौके नहीं मिले, क्योंकि उनकी पोजीशन पर तिलक वर्मा लगातार रन बना रहे थे। इसी वजह से मुंबई ने उन्हें रिलीज कर दिया।

आईपीएल 2025 के ऑक्शन में ब्रेविस को कोई खरीददार नहीं मिला, लेकिन तेज गेंदबाज गुरजापनीत सिंह के चोटिल होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल कर लिया। वहां उन्होंने आते ही धमाका किया और सिर्फ कुछ मैचों में 180 से ज्याद के स्ट्राइक रेट से 225 रन बना दिए।

इसके बाद ब्रेविस दक्षिण अफ्रीका के लिए भी तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर मुंबई ने उन पर भरोसा दिखाया होता, तो आज टीम के पास एक और मैच विनर बल्लेबाज होता।

2. ट्रिस्टन स्टब्स

मुंबई इंडियंस ने 2022 और 2023 में ट्रिस्टन स्टब्स को मौका दिया था, लेकिन वह उनके लिए सिर्फ 4 मैचों में 27 रन ही बना सके। इस दौरना उनका औसत 6.75 और स्ट्राइक रेट 77.14 रहा। ऐसे आंकड़े देखकर फ्रेंचाइज़ी का उन्हें रिलीज करना लाज़मी था।

लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। दिल्ली कैपिटल्स ने 2024 में स्टब्स पर दांव लगाया और उन्हें लगातार मौके दिए। नतीजा यह हुआ कि उन्होंने अगले दो सीजन में अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाते हुए 52.15 की औसत और 170.78 की स्ट्राइक रेट से 678 रन बना डाले।

आज स्टब्स दिल्ली कैपिटल्स के मिडिल ऑर्डर की रीढ़ बन चुके हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस अब भी एक ऐसे बल्लेबाज की तलाश में है, जो हार्दिक पांड्या का दबाव कम कर सके। इस लिहाज से देखें तो स्टब्स को छोड़ना मुंबई की बड़ी गलती रही।

1. टिम डेविड

टिम डेविड को मुंबई इंडियंस ने फिनिशर के तौर पर टीम में शामिल किया था। उन्होंने उनके लिए 34 पारियों में 658 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 171.35 रहा। उन्होंने कई बार टीम को मुश्किल हालात से निकालकर मैच भी जिताया।

लेकिन डेविड की कीमत 8.25 करोड़ रुपये थी, जिसे बचाने के लिए मुंबई ने उन्हें रिलीज कर दिया, ताकि गेंदबाजी को मजबूत किया जा सके। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें खरीदा और वही फैसला उनके लिए मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ।

डेविड ने न सिर्फ आरसीबी को पहला खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के लिए भी टी20 क्रिकेट में बड़ा नाम बन गए। हाल ही में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ धमाकेदार शतक जड़ा। अगर वे मुंबई में होते, तो हार्दिक पांड्या और नमन धीर के अलावा टीम के पास एक और विस्फोटक हिटर मौजूद होता।

 

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version