Thursday, June 11

जसप्रीत बुमराह को लगातार छठे आईपीएल मैच में एक भी विकेट नहीं मिला।

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) का प्रदर्शन अब चिंता का विषय बन चुका है। जिस गेंदबाज को टीम का सबसे बड़ा मैच विनर माना जाता है, वही इस समय विकेट के लिए कड़ा संघर्ष करता नजर आ रहा है।

वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के बाद बुमराह का यह खराब दौर और भी लंबा हो गया है। अब वह लगातार 6 आईपीएल मैचों में बिना विकेट लिए रहे हैं, जो उनके करियर का सबसे लंबा विकेटलेस स्पेल की स्ट्रीक बन चुका है।

जसप्रीत बुमराह ने IPL इतिहास में बनाया अनचाहा रिकॉर्ड

जसप्रीत बुमराह का लगातार इतने मैच में बिना विकेट लिए रहना सिर्फ खराब फॉर्म नहीं, बल्कि एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी है। आईपीएल इतिहास में आज तक ऐसा कोई गेंदबाज नहीं रहा, जिसने लगातार 24 से ज्यादा ओवर फेंकने के बावजूद एक भी विकेट नहीं लिया हो। बुमराह अब आईपीएल में अपने पिछले 24.2 ओवरों (146 गेंदों) में एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके हैं।

आईपीएल 2026 में 5 मैच, 114 गेंद… फिर भी विकेट नहीं

अगर सिर्फ आईपीएल 2026 की बात करें, तो जसप्रीत बुमराह अब तक 5 मैच खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 114 गेंदें (19 ओवर) फेंकी हैं, लेकिन एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं।

उन्होंने इस दौरान 123 रन दिए हैं, जिससे उनका इकॉनमी रेट करीब 8.20 रहा है। आंकड़े बताते हैं कि वह रन पूरी तरह लीक नहीं कर रहे, लेकिन विकेट न लेना टीम के लिए बड़ी समस्या बन गया है।

MI vs PBKS मैच में भी बुमराह को नहीं मिला कोई विकेट

पंजाब किंग्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले मुकाबले में भी जसप्रीत बुमराह की किस्मत नहीं बदली। इस मुकाबले में उन्होंने अपने 195/6 का स्कोर डिफेंड करते हुए 4 ओवरों में 41 रन दिए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके और पंजाब ने 16.3 ओवरों में 198/3 का स्कोर बनाकर यह मुकाबला जीत लिया।

पिछले 6 आईपीएल मैचों में ऐसा रहा है जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन

जसप्रीत बुमराह पिछले 6 आईपीएल मैचों से कोई विकेट नहीं ले सके हैं। उनके इस खराब दौर का सिलसिला आईपीएल 2025 के क्वालीफायर मुकाबले से शुरू हुआ था। बुमराह के पिछले लगातार 6 आईपीएल मैचों के आंकड़े इस तरह रहे हैं:

  • 0/40 बनाम पंजाब किंग्स (क्वालिफायर 2), अहमदाबाद, 2025
  • 0/35 बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, वानखेड़े, 2026
  • 0/21 बनाम दिल्ली कैपिटल्स, दिल्ली, 2026
  • 0/32 बनाम राजस्थान रॉयल्स, गुवाहाटी, 2026
  • 0/35 बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, वानखेड़े, 2026
  • 0/41 बनाम पंजाब किंग्स, वानखेड़े, 2026*

बुमराह को आईपीएल में आखिरी बार कब मिला था विकेट?

जसप्रीत बुमराह ने आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी बार कोई विकेट लिया था। मुल्लांपुर में खेले गए उस मैच में उन्होंने 4 ओवरों के स्पेल में 27 रन देकर 1 विकेट लिया था और वाशिंगटन सुंदर को आउट किया था। इसके बाद से वह लगातार विकेट के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

शानदार आईपीएल करियर के बीच आया बुमराह का मुश्किल दौर

जसप्रीत बुमराह का अब तक का आईपीएल करियर शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 149 मैचों में 183 विकेट हासिल किए हैं। लेकिन आईपीएल 2026 में अब तक 5 मैच खेलने के बावजूद उनका विकेट कॉलम खाली है, जो उनके स्तर के गेंदबाज के लिहाज से काफी चौंकाने वाला है।

हालांकि, जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी गेंदबाज के लिए वापसी करना उतना मुश्किल नहीं होता। वह पहले भी ऐसे दौर से निकलकर शानदार वापसी कर चुके हैं। अब मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में खेलना है, जहां उनसे इस सिलसिले को तोड़ने की उम्मीद होगी।

 

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version