Saturday, March 21

IPL 2025 में कमेंट्री बॉक्स से अचानक गायब हुए नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। कई फैंस का मानना है कि उन्हें BCCI द्वारा कमेंट्री टीम से बाहर कर दिया गया है। लेकिन अब इस पूरे मामले पर खुद सिद्धू ने चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि आखिर वे क्यों नजर नहीं आ रहे थे।

पिछले कुछ दिनों से जब कमेंट्री में उनकी आवाज सुनाई नहीं दी, तो सोशल मीडिया पर अटकलें लगाई जाने लगीं कि शायद उन्हें कमेंट्री से बाहर कर दिया गया है। इन चर्चाओं को और हवा तब मिली जब स्टार स्पोर्ट्स की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

लंबे समय बाद IPL में लौटे थे सिद्धू

नवजोत सिंह सिद्धू ने पिछले सीजन में लंबे अंतराल के बाद IPL में कमेंट्री के जरिए वापसी की थी। राजनीति में सक्रिय रहने के कारण उन्होंने कुछ वर्षों तक क्रिकेट कमेंट्री से दूरी बना ली थी। लेकिन 2024 के सीजन में उनकी वापसी के बाद उन्हें दोबारा कमेंट्री बॉक्स में देखना फैंस के लिए उत्साह का विषय बना।

इस सीजन में भी उन्होंने शुरुआत में कुछ मैचों में कमेंट्री की, लेकिन अचानक कुछ दिनों से वह नजर नहीं आ रहे थे। यही वजह रही कि उनके बाहर किए जाने की चर्चा ज़ोर पकड़ने लगी।

नवजोत सिंह सिद्धू ने खुद किया खुलासा

सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच नवजोत सिंह सिद्धू ने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि वे 5 मई से दोबारा IPL 2025 की कमेंट्री टीम में शामिल होंगे। सिद्धू ने लिखा, “मैं सोमवार, 5 मई से फिर से कमेंट्री बॉक्स में नजर आऊंगा। कुछ निजी कारणों से मैं कुछ मैचों से दूर था, लेकिन अब वापसी के लिए तैयार हूं।”

इस सफाई के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि उन्हें कमेंट्री से नहीं निकाला गया है, बल्कि वे कुछ दिनों के लिए ब्रेक पर थे।

यूट्यूब चैनल के ज़रिए साझा करेंगे ज़िंदगी के अनुभव

नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों अपने नए यूट्यूब चैनल को लेकर भी चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में अपने चैनल की घोषणा की है, जिसका टैगलाइन है: “Master of All Trades, Jack of None, All-in-One”। इस चैनल के ज़रिए वे अपने जीवन के अनुभव, क्रिकेट के किस्से, आध्यात्मिक विचार, स्वास्थ्य, हास्य, और प्रेरणा से जुड़े विषय साझा करेंगे।

सिद्धू ने कहा, “पहली बार मैं अपने जीवन की कहानी, आध्यात्मिकता, स्वास्थ्य, हास्य, जीवनशैली और मोटिवेशन से जुड़ी बातें लोगों से सीधे और सरल भाषा में साझा करूंगा। यह एक नेता के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में मेरी पहचान होगी।”

तीन बार के सांसद और भारत के पूर्व क्रिकेटर

नवजोत सिंह सिद्धू एक समय भारत के मशहूर बल्लेबाजों में शामिल थे। उन्होंने भारत के लिए कुल 187 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 51 टेस्ट और 136 वनडे शामिल हैं। उन्होंने टेस्ट में 3202 रन और वनडे में 4413 रन बनाए हैं। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वे राजनीति में सक्रिय हुए और अमृतसर से तीन बार लोकसभा सांसद चुने गए। वह कांग्रेस पार्टी में पंजाब प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

अब जब उन्होंने खुद ही स्पष्ट कर दिया है कि वे 5 मई से IPL कमेंट्री में वापसी करेंगे, तो उनके फैंस एक बार फिर से उनके चुटीले अंदाज़ और शायरी से भरे कमेंट्री अंदाज़ को देखने के लिए उत्साहित हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version