जानिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम के हालिया आईपीएल रिकॉर्ड क्या बताते हैं और किसे ज्यादा सफलता मिली है।
आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के पास विस्फोटक बल्लेबाजी लाइनअप मौजूद है, ऐसे में टॉस का महत्व काफी बढ़ जाता है। फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस मैदान पर पहले बैटिंग करना फायदेमंद रहेगा या फिर पहले बॉलिंग करना।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं, लेकिन हालिया आंकड़े बताते हैं कि पहले गेंदबाजी करके दबाव बनाना भी कभी-कभी असरदार साबित हुआ है।
क्या कहते हैं नरेंद्र मोदी स्टेडियम के हालिया आंकड़े?
आईपीएल 2025 से लेकर अब तक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 16 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें पहली पारी का औसत स्कोर 203 रन रहा है। यह आंकड़ा साफ दिखाता है कि बल्लेबाजों को यहां काफी मदद मिलती है और 200 से ज्यादा का स्कोर कोई बड़ी बात नहीं है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इन 16 में से 11 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। यानी लगभग 69 प्रतिशत मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को सफलता मिली है। इससे यह संकेत मिलता है कि बड़े मैच में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने पर विचार कर सकती है।
200 से ज्यादा स्कोर बनाना हो सकता है जीत की कुंजी
पिछले कुछ सीजन से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कई हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं। यहां जीत हासिल करने वाली टीमों की पहली पारी का औसत स्कोर 213 रन रहा है।
यह तो सभी समझते हैं कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में दबाव हमेशा लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम पर ज्यादा रहता है। इसीलिए, यदि कोई टीम 210 या उससे ज्यादा का स्कोर बोर्ड पर लगा देती है तो दूसरी टीम के लिए रन रेट के दबाव में बल्लेबाजी करना आसान नहीं होगा।
RCB और GT की ताकतें क्या कहती हैं?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी इस सीजन बेहद मजबूत रही है। विराट कोहली, रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल और टिम डेविड जैसे बल्लेबाज किसी भी बॉलिंग अटैक को दबाव में डाल सकते हैं। RCB इस सीजन नौ बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना चुकी है, हो इस बात की गवाही देती है।
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की ताकत उनकी गेंदबाजी और टॉप ऑर्डर है। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर शानदार फॉर्म में हैं, जबकि कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और जेसन होल्डर विपक्षी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।
फाइनल में टॉस जीतने वाली टीम क्या फैसला ले सकती है?
हालिया रिकॉर्ड और पिच के स्वभाव को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला ले सकती है। अहमदाबाद में बड़े स्कोर डिफेंड करने का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है और हाल के मैचों में भी पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है।
हालांकि, RCB और GT दोनों के पास मजबूत चेजिंग यूनिट भी मौजूद है, इसलिए टॉस का फैसला पूरी तरह पिच की अंतिम स्थिति और मैच के दिन के मौसम पर निर्भर करेगा।
2025 से अब तक IPL में नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आंकड़े
- मैच: 16
- पहली पारी का औसत स्कोर: 203 रन
- पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती: 11
- टारगेट चेज करने वाली टीम जीती: 5
- जीतने वाली टीमों की पहली पारी का औसत स्कोर: 213 रन
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







