T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 की ग्रुप 1 में चारों टीमों के पास अभी भी सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 स्टेज में ग्रुप 1 अब पूरी तरह खुल चुका है। भारत की बड़ी हार और वेस्टइंडीज की बड़ी जीत के बाद अंक तालिका में बड़ा उलटफेर हुआ है। इसीलिए, अब इस ग्रुप का हर मुकाबला सीधे सेमीफाइनल की रेस तय करेगा।
इस ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, भारत और जिम्बाब्वे चारों टीमों के पास मौका है, लेकिन मौजूदा अंक और नेट रन रेट के कारण हर टीम का रास्ता अलग है। आइए समझते हैं सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए किस टीम को क्या करना होगा।
ये है T20 World Cup 2026 सुपर 8 की ग्रुप 1 में शामिल सभी टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने का पूरा समीकरण
1. वेस्टइंडीज को सिर्फ एक जीत की दरकार
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराकर सुपर 8 की शानदार शुरुआत की है। उसके खाते में 2 अंक हैं और नेट रन रेट +5.35 है, जो ग्रुप में सबसे बेहतर है। उसे अब दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं।
अगर वेस्टइंडीज इनमें से कोई एक मैच जीत लेता है तो उसके 4 अंक हो जाएंगे और क्वालीफिकेशन की संभावना बहुत मजबूत हो जाएगी। दोनों मैच जीतने पर वह निश्चित रूप से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
यदि वह एक मैच जीतता और एक हारता है तो तीन टीमों के बराबर अंकों की स्थिति बन सकती है, जहां उसका शानदार नेट रन रेट उसे फायदा देगा। दोनों मैच हारने पर ही उसकी राह मुश्किल होगी।
2. दक्षिण अफ्रीका को भी एक अच्छी जीत की आवश्यकता
दक्षिण अफ्रीका ने अभी तक एक मैच खेला है और भारत को हराकर 2 अंक हासिल किए हैं। उसका नेट रन रेट +3.80 है। उसे अब वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेलने हैं।
अगर दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज को हरा देता है तो उसका सेमीफाइनल लगभग तय हो जाएगा। दोनों मैच जीतने पर वह निश्चित रूप से शीर्ष दो में रहेगा।
यदि वह एक मैच जीतता और एक हारता है तो भी उसकी स्थिति मजबूत रहेगी, क्योंकि भारत पर बड़ी जीत से उसका नेट रन रेट काफी अच्छा है। हालांकि दोनों मैच हारने पर मामला उलझ सकता है, लेकिन फिर भी उसके पास क्वालीफाई करने का मौका रहेगा।
3. भारत को अगले दोनों मैचों में बड़ी जीत की आवश्यकता
भारत ने भी सुपर 8 में अभी तक एक मैच खेला है, जिसमें उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार मिली थी। उसके खाते में फिलहाल 0 अंक हैं और उसका नेट रन रेट भी काफी नीचे यानी -3.80 है। अब भारत को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने बचे हुए दो मुकाबले खेलने हैं।
भारत के लिए सबसे सीधा रास्ता दोनों मैच जीतना है। ऐसा होने पर उसके 4 अंक हो जाएंगे। अगर दक्षिण अफ्रीका अपने दोनों मैच जीत लेता है या दोनों हार जाता है, तब भारत बिना नेट रन रेट के भी क्वालीफाई कर सकता है।
लेकिन अगर दक्षिण अफ्रीका एक मैच जीतता और एक हारता है और वेस्टइंडीज भी एक जीत हासिल कर लेता है, तो तीन टीमें 4 अंकों पर बराबर हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में नेट रन रेट निर्णायक होगा, जहां भारत फिलहाल पीछे है। इसलिए, भारत को अगले दोनों मैचों में सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
4. जिम्बाब्वे लगभग हो चुकी है बाहर, लेकिन अब भी क्वालीफाई करने की संभावना
जिम्बाब्वे को अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 107 रनों से बड़ी हार मिली, जिसके बाद उसके खाते में 0 अंक हैं और नेट रन रेट -5.35 है, जो ग्रुप में सबसे खराब है। उसे अब भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं।
जिम्बाब्वे के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का एकमात्र रास्ता दोनों मैच बड़े अंतर से जीतना है। अगर वह ऐसा कर लेता है और बाकी मैचों के परिणाम भी उसके पक्ष में जाते हैं तो वह क्वालीफाई कर सकता है। हालांकि, खराब नेट रन रेट के चलते बराबरी की स्थिति में उसके लिए आगे निकलना मुश्किल होगा, इसलिए उसे सेमीफाइनल की रेस से बाहर माना जा रहा है।
ग्रुप 1 में सेमीफाइनल की रेस हो चुकी है बेहद रोमांचक
सुपर 8 के इस ग्रुप में अभी भी कोई भी टीम बाहर नहीं हुई है और चारों के पास मौका मौजूद है। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज फिलहाल बेहतर स्थिति में हैं, जबकि भारत और जिम्बाब्वे को वापसी के लिए बड़े परिणाम चाहिए।
आने वाले मुकाबले इस ग्रुप की तस्वीर पूरी तरह बदल सकते हैं और नेट रन रेट यहां सबसे बड़ा फैक्टर बनकर उभर रहा है। सेमीफाइनल की रेस अब पूरी तरह खुली है और हर मैच नॉकआउट जैसा होने वाला है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







