टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद जोनाथन ट्रॉट का अफगानिस्तान के हेड कोच के रूप में कार्यकाल समाप्त हो गया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने बड़ा फैसला लेते हुए टीम के हेड कोच में बदलाव कर दिया है। लंबे समय तक टीम के साथ जुड़े रहे हेड कोच जोनाथन ट्रॉट (Jonathan Trott) का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब बोर्ड ने नई दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
चार साल बाद खत्म हुआ ट्रॉट का कार्यकाल
जोनाथन ट्रॉट पिछले चार सालों से अफगानिस्तान टीम के हेड कोच थे और इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण जीत हासिल कीं। उनकी कोचिंग में अफगानिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान मजबूत की, लेकिन हालिया टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बदलाव जरूरी माना गया। इस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान की टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी, जिसके बाद बोर्ड ने नए कोच के साथ नई शुरुआत करने का फैसला लिया।
रिचर्ड पाइबस बने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के नए हेड कोच
ACB ने जोनाथन ट्रॉट का कार्यकाल समाप्त होने के बाद इंग्लैंड के अनुभवी कोच रिचर्ड पाइबस (Richard Pybus) को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि उनका अनुभव आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में टीम को नई मजबूती देगा।
बता दें कि, रिचर्ड पाइबस का कोचिंग करियर काफी लंबा और सफल रहा है। उन्होंने 1999 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वे वेस्टइंडीज क्रिकेट के साथ भी लंबे समय तक जुड़े रहे। उनके कार्यकाल में वेस्टइंडीज की पुरुष, महिला और अंडर 19 टीमों ने 2016 में वर्ल्ड कप खिताब भी जीते थे। इससे उनके अनुभव और रणनीतिक क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पाइबस ने वेस्टइंडीज में हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर और अंतरिम हेड कोच के रूप में भी काम किया है। साथ ही वे 2012 में बांग्लादेश टीम के हेड कोच भी रह चुके हैं।
पहला असाइनमेंट श्रीलंका के खिलाफ सीरीज
नए हेड कोच के रूप में पाइबस का पहला बड़ा काम श्रीलंका के खिलाफ आगामी व्हाइट बॉल सीरीज होगा, जो यूएई में खेली जाएगी। इस सीरीज का पहला टी20 मैच 13 मार्च को शारजाह में आयोजित किया जाएगा।
यह सीरीज नई कोचिंग टीम के लिए अहम परीक्षा होगी, क्योंकि अफगानिस्तान टीम को टी20 फॉर्मेट में लगातार प्रतिस्पर्धी बने रहने की जरूरत है।
नई शुरुआत से बड़ी उम्मीदें
अफगानिस्तान क्रिकेट पिछले कुछ सालों में तेजी से उभरा है और अब टीम को अगले स्तर पर ले जाने के लिए अनुभवी मार्गदर्शन की जरूरत है। रिचर्ड पाइबस की नियुक्ति इसी दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
टीम के पास राशिद खान, मोहम्मद नबी और रहमानुल्लाह गुरबाज जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं। यदि नए कोच के नेतृत्व में टीम संतुलन बना पाती है, तो आने वाले वर्षों में अफगानिस्तान बड़े टूर्नामेंटों में मजबूत दावेदार बन सकता है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







