Thursday, February 12

List of Batsmen Who Scored ODI Centuries on Their Birthdays: क्रिकेट में शतक बनाना हमेशा एक खास उपलब्धि माना जाता है, क्योंकि यह किसी भी बल्लेबाज की कौशल, धैर्य और निरंतरता को साबित करता है। वहीं, जन्मदिन पर शतक बनाना उस खुशी को कई गुना बढ़ा देता है, जब क्रिकेटर मैदान पर अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहा हो और उसी दिन वह अपनी पारी को यादगार में बदल दे। यह पल न सिर्फ बल्लेबाज के लिए बल्कि उसके फैंस के लिए भी बेहद अनोखा बन जाता है।

ODI क्रिकेट के इतिहास में आज तक सिर्फ सात बल्लेबाज ही ऐसे रहे हैं, जिन्होंने अपने जन्मदिन पर शतक लगाया है। इस तरह का कारनामा करना बेहद मुश्किल माना जाता है, क्योंकि अक्सर क्रिकेटर्स अपने जन्मदिन को मैच से दूर परिवार और दोस्तों के साथ मनाना पसंद करते हैं। लेकिन इन सात खिलाड़ियों ने मैदान को अपनी खुशी की सबसे बड़ी जगह बनाया और अपने स्पेशल डे को वास्तव में ऐतिहासिक बना दिया। अब एक नजर डालते हैं उन सभी बल्लेबाजों पर जिन्होंने अपने जन्मदिन पर ODI शतक लगाने की उपलब्धि हासिल की है।

ये हैं जन्मदिन पर ODI शतक लगाने वाले बल्लेबाज

1. विनोद कांबली (भारत), 100 बनाम इंग्लैंड, जयपुर 1993 (21वां जन्मदिन)*

विनोद कांबली ने अपनी प्रतिभा का झलक अपने करियर की शुरुआत में ही दिखा दी थी और उनका जन्मदिन वाला शतक उसकी सबसे बड़ी मिसाल है। जयपुर में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में कांबली ने बेहद सधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी की और 149 गेंदों पर 100* रन बनाकर भारत की पारी को संभाला। उनकी पारी में 9 चौके और 1 छक्का शामिल था। हालांकि, उस मैच में भारत को हार झेलनी पड़ी, लेकिन कांबली का यह शतक हमेशा यादगार रहेगा।

2. सचिन तेंदुलकर (भारत), 134 बनाम ऑस्ट्रेलिया, शारजाह 1998 (25वां जन्मदिन)

सचिन तेंदुलकर के करियर में कई यादगार पारियां हैं, लेकिन शारजाह में जन्मदिन वाली पारी फैंस के दिलों में खास जगह रखती है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 131 गेंदों में 134 रन बनाए और अपनी टीम को छह विकेट से जीत दिलाई। उनकी पारी में 12 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उस समय सचिन के हर शॉट में दम और आत्मविश्वास नजर आता था और यह इनिंग भी उसी का हिस्सा थी। इस मैच ने साबित किया कि वह बड़े मौकों पर खुद को कितना आगे रख सकते हैं।

3. सनथ जयसूर्या (श्रीलंका), 130 बनाम बांग्लादेश, कराची 2008 (39वां जन्मदिन)

सनथ जयसूर्या ने जैसे अपने करियर में नई जान डाल दी थी। 39 साल की उम्र में उन्होंने कराची में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार 130 रन बनाए। सिर्फ 88 गेंदों में खेली गई इस पारी में 16 चौके और 6 छक्के शामिल थे। यह पारी बताती है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है और अगर जुनून कायम है तो क्रिकेटर लंबी पारी खेलता रह सकता है। श्रीलंका ने यह मैच 158 रन से जीता।

4. रॉस टेलर (न्यूजीलैंड), 131 बनाम पाकिस्तान, पल्लेकेले 2011 (27वां जन्मदिन)*

रॉस टेलर का यह शतक विश्व कप इतिहास का हिस्सा बन गया, क्योंकि वह पहला मौका था जब किसी बल्लेबाज ने ODI वर्ल्ड कप में जन्मदिन पर शतक लगाया। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 124 गेंदों में 131* रन बनाए और अपनी टीम को 110 रन से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। इस पारी में टेलर ने 8 चौके और 7 छक्के जड़े। वह पूरे मैच में बेहद आत्मविश्वास से खेले और टीम के लिए मैच विनिंग पारी दी।

5. टॉम लैथम (न्यूजीलैंड), 140 बनाम नीदरलैंड, हैमिल्टन 2022 (30वां जन्मदिन)*

टॉम लैथम ने अपने 30वें जन्मदिन पर नीदरलैंड के खिलाफ 123 गेंदों में शानदार 140* रन बनाए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। लैथम ने इस मैच में दिखाया कि वह लंबे समय तक क्रीज पर टिककर टीम को मजबूत आधार दे सकते हैं। न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला 118 रन से अपने नाम किया।

6. मिशेल मार्श (ऑस्ट्रेलिया), 121 बनाम पाकिस्तान, बेंगलुरु 2023 (32वां जन्मदिन)

मिशेल मार्श ने भी अपने जन्मदिन को फैंस के लिए खास बना दिया। पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच में उन्होंने 108 गेंदों पर 121 रन जड़े। उनकी पारी में 10 चौके और 9 छक्के शामिल थे। यह पारी आक्रामकता और संयम का संतुलन थी और इस प्रदर्शन ने मार्श को वर्ल्ड कप के बड़े हीरो के रूप में स्थापित किया। वह विश्व कप में जन्मदिन पर शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने।

7. विराट कोहली (भारत), 100 बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता 2023 (35वां जन्मदिन)*

विराट कोहली ने अपनी फिटनेस, क्लास और अनुशासन का कमाल अपने 35वें जन्मदिन पर दिखाया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में उन्होंने 118 गेंदों में 100* रन बनाए और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इस पारी में उन्होंने 10 चौके लगाए और यह उनका 49वां ODI शतक था, जिससे वह सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादे वनडे शतक के रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंच गए थे। यह इनिंग उस खास दिन को और भी ऐतिहासिक बना गई।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version