List of ICC Women’s Cricket World Cup Winners from 1973 to 2025: आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला भारतीय महिला टीम और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
बता दें कि, साउथ अफ्रीका पहली बार महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल खेल रही थी, जबकि भारतीय टीम का यह तीसरा फाइनल था। इससे पहले उन्होंने 2005 और 2017 में मिताली राज की कप्तानी में फाइनल में जगह बनाई थी। हालाँकि, 2025 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रचा।
भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इस टूर्नामेंट में बल्लेबाजी करते हुए 9 मैचों तीन अर्धशतकों के साथ 215 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में 22 विकेट चटकाए। फाइनल मुकाबले में 5/39 की स्पेल इस टूर्नामेंट में उनकी बेस्ट स्पेल रही। दीप्ति ने इस टूर्नामेंट में महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के एक संस्करण में 200 से ज्यादा रन बनाने और 20 से ज्यादा विकेट चटकाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी बनाया। उनके अलावा अन्य कोई भी खिलाड़ी यह कारनामा नहीं कर सका है। इसी के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के नाम है सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड
अब तक आयोजित हुए 13 महिला वर्ल्ड कप संस्करणों में सबसे ज्यादा (7) खिताब जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के नाम दर्ज है। इसके अलावा, इंग्लैंड महिला टीम 4 खिताब के साथ इस मामले में दूसरे स्थान पर है। इन दोनों टीमों के अलावा अब तक कोई भी टीम एक से ज्यादा बार महिला वर्ल्ड कप चैंपियन नहीं रह सकी हैं।
गौरतलब हो कि, अब तक महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप इतिहास में चार टीमें चैंपियन रह चुकी हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और भारत का नाम शामिल है। न्यूजीलैंड की टीम भी तीन बार फाइनल खेल चुकी है, लेकिन वह सिर्फ एक बार ही खिताब जीत सकी है। उन्होंने 2000 में घरेलू सरजमीं पर यह कारनामा किया था। नीचे हम आपको महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीमों की पूरी लिस्ट बताने जा रहे हैं।
ये है महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीमों की पूरी लिस्ट
- 1973 – इंग्लैंड
- 1977 – ऑस्ट्रेलिया
- 1981 – ऑस्ट्रेलिया
- 1988 – ऑस्ट्रेलिया
- 1993 – इंग्लैंड
- 1997 – ऑस्ट्रेलिया
- 2000 – न्यूजीलैंड
- 2005 – ऑस्ट्रेलिया
- 2009 – इंग्लैंड
- 2013 – ऑस्ट्रेलिया
- 2017 – इंग्लैंड
- 2022 – ऑस्ट्रेलिया
- 2025 – भारत
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

