वनडे क्रिकेट में नया सितारा बनकर उभरे साउथ अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने भारत के पूर्व बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू के 38 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। ब्रीट्ज़के ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 88 रनों की शानदार पारी खेली और बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
शुरुआती चार वनडे पारियों में लगातार 50+ स्कोर
ब्रीट्ज़के ने अपने करियर की शुरुआती चारों वनडे पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाए। इसी के साथ वह यह कारनामा करने वाले मात्र दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू ने 1987 वर्ल्ड कप के दौरान ऐसा करके दिखाया था।
सिद्धू ने उस टूर्नामेंट में अपने वनडे करियर की शुरुआत करते हुए अपने पहले चार वनडे पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 73, न्यूजीलैंड के खिलाफ 75, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 51 और जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन बनाए थे। हालांकि, उन्हें अपने तीसरे वनडे मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था।
दूसरी पारी में संभाली टीम की नैया
मैकाय में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम शुरुआत में ही 23/2 पर लड़खड़ा गई थी। इसी समय ब्रीट्ज़के बल्लेबाजी के लिए आए और पहले टोनी डी ज़ॉर्जी के साथ 67 रनों की अहम साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ 89 रन जोड़े।
ब्रीट्ज़के शानदार लय में दिखे और उन्होंने 78 गेंदों पर 88 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि, वे शतक से चूक गए और नाथन एलिस की गेंद पर आउट हो गए।
करियर की धमाकेदार शुरुआत
मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार अंदाज में कदम रखा है। उन्होंने अपने डेब्यू वनडे मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रन बनाए। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ 83 रन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में 57 रन बनाए।
अब चौथे मैच में 88 रन बनाकर उन्होंने अपने वनडे करियर की कुल रन संख्या 378 कर ली है। उनका औसत अभी 96.67 है, जो इस स्तर पर किसी भी खिलाड़ी के लिए शानदार माना जाता है।
डेब्यू पर सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड भी है ब्रीट्ज़के के नाम
ब्रीट्ज़के ने 2025 में अपने डेब्यू मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रन बनाकर एक बड़ा ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। यह वनडे इतिहास में डेब्यू मैच में किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज डेसमंड हेन्स के नाम था, जिन्होंने 1978 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 148 रन बनाए थे।
ब्रीट्ज़के की यह उपलब्धि बताती है कि वे आने वाले समय में वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में से एक बन सकते हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

