Top 5 fielders with the most catches in Test cricket history: टेस्ट क्रिकेट में रन और विकेट के साथ-साथ एक और चीज बेहद अहम होती है और वह है फील्डिंग। खासतौर पर स्लिप में खड़े खिलाड़ियों का रोल तब और बड़ा हो जाता है जब टीम के पास बेहतरीन तेज गेंदबाज या स्पिनर होते हैं। इन खिलाड़ियों की गेंदों पर अक्सर कैचिंग के मौके बनते हैं और यहां फील्डर्स की सतर्कता और भरोसेमंद हाथों की असली परीक्षा होती है।
इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट अब टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के सबसे सफल फील्डर बन चुके हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में करुण नायर का एक हाथ से शानदार कैच पकड़कर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसी के साथ, यहाँ हम आपको टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले टॉप 5 फील्डर्स की जानकारी देने जा रहे हैं।
ये हैं टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले टॉप 5 फील्डर
5. जैक्स कैलिस – 200 कैच
दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने 166 टेस्ट मैचों में 200 कैच पकड़े थे। वह फर्स्ट स्लिप में सबसे ज्यादा भरोसेमंद खिलाड़ी माने जाते थे। उनकी तकनीक, अनुभव और तेज नजरों ने डेल स्टेन जैसे तेज गेंदबाजों की गेंदों पर कई मौके सफलता में बदलने में मदद की।
4. स्टीव स्मिथ – 200 कैच
ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी स्टीव स्मिथ ने अब तक 118 टेस्ट मैचों में 200 कैच लिए हैं और वह अब भी सक्रिय हैं। स्लिप के साथ-साथ शॉर्ट लेग जैसे कठिन पोजिशन पर भी वह कमाल की फील्डिंग करते हैं। खासकर, नाथन लायन की गेंदों पर स्मिथ ने कई बार शानदार कैच पकड़े हैं।
3. महेला जयवर्धने – 205 कैच
श्रीलंका के लिए 149 टेस्ट खेलने वाले महेला जयवर्धने ने 205 कैच लिए। उन्होंने स्पिन-अनुकूल पिचों पर मुरलीधरन जैसे दिग्गज गेंदबाज के साथ मिलकर स्लिप में कई बार कमाल किया। उनके सॉफ्ट हैंड्स और तेज रिफ्लेक्सेस ने उन्हें श्रीलंका की कैचिंग लाइन-अप का प्रमुख हिस्सा बनाया।
2. राहुल द्रविड़ – 210 कैच
‘द वॉल’ के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ को सिर्फ शानदार बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि एक जबरदस्त स्लिप फील्डर के तौर पर भी जाना जाता है। उन्होंने 164 टेस्ट मैचों में 210 कैच लपके।
अनिल कुंबले और हरभजन सिंह जैसे स्पिनरों के साथ उनकी साझेदारी ने उन्हें लगातार कैचिंग के मौके दिए, जिन्हें द्रविड़ ने बेहद भरोसे से लपका।
1. जो रूट – 213 कैच
जो रूट अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले फील्डर बन चुके हैं। उन्होंने अब तक 156 टेस्ट मैचों में 213 कैच पकड़े हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में करुण नायर का कैच पकड़ते ही उन्होंने यह बड़ा रिकॉर्ड बनाया।
रूट लंबे समय से जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड जैसे गेंदबाजों के साथ स्लिप में खड़े रहते आए हैं और उन्होंने सफलतापूर्वक ज्यादातर मौके भुनाए हैं। उनका शांत स्वभाव और मजबूत तकनीक उन्हें इंग्लैंड की स्लिप फील्डिंग का सबसे अहम हिस्सा बनाता है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

