टी20 क्रिकेट में पिछले कुछ समय में काफी बदलाव देखने को मिला है और अब खिलाड़ी किसी भी माइलस्टोन के पीछे जाने की जगह हर गेंद पर बाउंड्री लगाना चाहते हैं ताकि स्कोर बढ़ाया जा सके। हालांकि खेल में अक्सर ज्यादा रन बनाने वाले या ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी को याद रखा जाता है, क्योंकि वे निरंतरता के साथ ऐसा करते हैं।
टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाना हो या अर्धशतक लगाना, यह काफी मुश्किल होता है। हालांकि उसके बाद भी कई बल्लेबाज ऐसे होते हैं जो न सिर्फ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हैं बल्कि बड़ी पारी खेलने में भी सफल होते हैं।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज
5. डेविड वॉर्नर (David Warner) – 28 अर्धशतक

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज डेविड वॉर्नर दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में से हैं जो तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए जाने जाते हैं। वह न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया में बल्कि हर कंडीशन में रन बनाते थे। यही नहीं, बड़े टूर्नामेंट में तो वे और भी ज्यादा खतरनाक हो जाते थे और उन्हें आउट करना काफी मुश्किल हो जाता था।
डेविड वॉर्नर ने टी20 इंटरनेशनल में 129 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 33.43 की औसत और 142.47 के स्ट्राइक रेट से 3277 रन बनाए हैं। इसके अलावा उनके नाम 1 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं।
4. मोहम्मद रिज़वान (Mohammad Rizwan) – 30 अर्धशतक

पाकिस्तान के बल्लेबाज मोहम्मद रिज़वान का व्हाइट बॉल क्रिकेट में प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा है। भले ही उनके स्ट्राइक रेट पर लगातार सवाल खड़े किए जाते रहे हों, लेकिन उनकी निरंतरता बरकरार रही है। टी20 इंटरनेशनल में वह अर्धशतक लगाने के मामले में चौथे नंबर पर आते हैं।
रिज़वान ने टी20 इंटरनेशनल में 106 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 47.41 की औसत और 125.37 के स्ट्राइक रेट से 3414 रन बनाए हैं, जिनमें 1 शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं।
3. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) – 32 अर्धशतक

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और इस दशक के सबसे धाकड़ बल्लेबाजों में से एक, रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से दुनियाभर के गेंदबाजों में अपना खौफ कायम किया था। जब वह लय में होते थे, तब उन्हें रोकना किसी भी गेंदबाज के लिए काफी मुश्किल होता था। साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने मिचेल स्टार्क के एक ओवर में 28 रन जड़े थे।
रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में 159 मैच खेले हैं, जिसमें 32.05 की औसत और 140.89 के स्ट्राइक रेट से 4231 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 32 अर्धशतक और 5 शतक भी शामिल हैं।
2. बाबर आज़म (Babar Azam) – 36 अर्धशतक

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आज़म के स्ट्राइक रेट पर लगातार आलोचना होती रही, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपना खेलने का तरीका नहीं बदला, जिसके चलते वे रन बनाने में सफल रहे।
बाबर आज़म ने 129 मैचों में 39.46 की औसत और 129.14 के स्ट्राइक रेट से 4223 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने छोटे फॉर्मेट में 3 शतक और 36 अर्धशतक लगाए हैं।
1. विराट कोहली (Virat Kohli) – 38 अर्धशतक

भारत के ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक विराट कोहली ने अपनी बल्लेबाजी का लोहा दुनियाभर को मनवाया था। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया को बहुत से ऐसे मैच जिताए हैं जिनमें जीतना असंभव लग रहा था — चाहे पाकिस्तान के खिलाफ 2022 टी20 वर्ल्ड कप हो या 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप। इस धाकड़ बल्लेबाज ने सभी परिस्थितियों में अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा है। वह अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में बराबर दबदबा बनाया था।
विराट कोहली ने टी20 क्रिकेट में 125 मैच खेले हैं, जिसमें 48.69 की औसत और 137.04 के स्ट्राइक रेट से 4188 रन बनाए हैं। इसके साथ ही उनके नाम 1 शतक और 38 अर्धशतक दर्ज हैं।

