न्यूजीलैंड की टीम इन दिनों भारत के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने विराट कोहली के 93 रनों की बदौलत मैच जीत लिया था। विराट को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसके साथ ही विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। आइए जानते हैं कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच किन खिलाड़ियों के नाम दर्ज हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड
5. कुमार संगकारा (Kumar Sangakkara) – 50 मैन ऑफ द मैच

श्रीलंका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा ने अपने करियर में कई शानदार पारियां खेलीं, जिनकी बदौलत उनकी टीम को कई बार जीत मिली। संगकारा ने 2000 से 2015 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला और इस दौरान उन्होंने कुल 50 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते।
उन्होंने वनडे में 31, टेस्ट में 16 और टी20 में 3 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किए।
4. जैक कैलिस (Jacques Kallis) – 57 मैन ऑफ द मैच

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक कैलिस क्रिकेट इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से साउथ अफ्रीका को कई मैच जिताए।
कैलिस इंटरनेशनल क्रिकेट में मैन ऑफ द मैच जीतने के मामले में चौथे नंबर पर आते हैं। अपने 19 साल लंबे करियर में उन्होंने वनडे में 32, टेस्ट में 23 और टी20 में 2 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते। कुल मिलाकर उनके नाम 57 अवॉर्ड दर्ज हैं।
3. सनथ जयसूर्या (Sanath Jayasuriya) – 58 मैन ऑफ द मैच

श्रीलंका के दिग्गज ओपनिंग बल्लेबाज और मौजूदा समय में हेड कोच सनथ जयसूर्या इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। वनडे क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी की शुरुआत करने का श्रेय काफी हद तक उन्हें ही दिया जाता है।
1996 में श्रीलंका की वर्ल्ड कप जीत में उनकी भूमिका बेहद अहम रही थी। जयसूर्या ने वनडे में 48, टेस्ट में 4 और टी20 में 6 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते। वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार यह अवॉर्ड जीतने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं।
2. विराट कोहली (Virat Kohli) – 71 मैन ऑफ द मैच

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपनी बल्लेबाजी से पूरी दुनिया में अपना लोहा मनवाया है। उन्होंने ऐसे कई मैच जिताए हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल है।
वनडे क्रिकेट में विराट का कोई जवाब नहीं है। भले ही अपने करियर के आखिरी दौर में वह टेस्ट क्रिकेट में पहले जैसा दबदबा नहीं बना पाए हों, लेकिन इसके बावजूद उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा।
व्हाइट बॉल क्रिकेट में विराट कोहली का कोई तोड़ नहीं है। उनके नाम टेस्ट में 10, टी20 में 16 और वनडे में 45 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दर्ज हैं। वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच जीतने वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा वह दो बार टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड भी जीत चुके हैं। कुल मिलाकर उनके नाम 71 अवॉर्ड हैं।
1. सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) – 76 मैन ऑफ द मैच

‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने लंबे समय तक भारतीय टीम को अपने कंधों पर उठाकर रखा। वह अकेले दम पर पूरी दुनिया से मुकाबला करते थे और भारत को कई मैच जिताते थे।
उनके रिकॉर्ड इस बात की गवाही देते हैं, लेकिन उनका सबसे बड़ा योगदान आने वाली पीढ़ियों को क्रिकेट के लिए प्रेरित करना रहा, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया।
सचिन तेंदुलकर ने अपने 24 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 76 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते, जिसमें वनडे के 62 और टेस्ट के 14 अवॉर्ड शामिल हैं।

