Most Runs in a Single Women’s Cricket World Cup Edition: महिला क्रिकेट में नए कीर्तिमानों का सिलसिला लगातार जारी है और हर बड़ा टूर्नामेंट कुछ यादगार रिकॉर्ड्स अपने नाम कर जाता है। इसी तरह, आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में शानदार शतकीय पारी खेलकर साउथ अफ्रीका की ओपनर और वर्तमान कप्तान लौरा वुल्वार्ट ने महिला वर्ल्ड क्रिकेट कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। यह रिकॉर्ड उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली के नाम था।
अब इस उपलब्धि के साथ एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर महिला वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन किस खिलाड़ी ने बनाए हैं और किन दिग्गजों का नाम इस सूची में रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए हम आपके लिए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
ये हैं महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
5. लिंडसे रीएलर (ऑस्ट्रेलिया) – 448 रन, महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 1988
लिंडसे रीएलर का नाम शायद नई पीढ़ी के फैंस कम सुनती हो, लेकिन 1988 के शेल बाइसेन्टेनियल महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा था। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 8 मैचों में 448 रन बनाए और इस दौरान 3 बार नॉट आउट रहीं, जिसकी वजह से उनका औसत 149.33 रहा।
रीएलर ने 143 रन की सर्वश्रेष्ठ स्कोर वाली पारी भी खेली और पूरे टूर्नामेंट में दो शतक और दो अर्धशतक लगाए। यह बात भी खास रही कि उस दौर की पिचें और महिला क्रिकेट की स्थितियां आज जैसी बल्लेबाजों के अनुकूल नहीं थीं। उन्होंने 40.13 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए जो आज के हिसाब से कम लग सकती है, लेकिन उस समय महिला क्रिकेट में रन बनाने की गति इसी लेवल की होती थी।
4. डेबी हॉकली (न्यूज़ीलैंड) – 456 रन, महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 1997
न्यूज़ीलैंड की दिग्गज बैटर डेबी हॉकली महिला क्रिकेट के इतिहास में एक प्रमुख नाम रही हैं और महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 1997 में उनका प्रदर्शन इसके प्रमाण के रूप में दर्ज है। उस टूर्नामेंट में उन्होंने 7 मैचों की 7 पारियों में 456 रन बनाए और उनका औसत 76.00 रहा। हॉकली ने उस टूर्नामेंट में 100 नाबाद की शानदार पारी भी खेली। उन्होंने टूर्नामेंट में 2 शतक और 2 अर्धशतक जमाए और न्यूजीलैंड के अभियान को मजबूत बनाए रखा।
3. रेचल हेंस (ऑस्ट्रेलिया) – 497 रन, महिला 2022
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज रेचल हेंस ने बेहतरीन निरंतरता दिखाई। उन्होंने 9 मैचों में 9 पारियों के दौरान 497 रन बनाए और इस दौरान उनका औसत 62.12 रहा। हेंस ने टूर्नामेंट में 130 रन की शानदार पारी भी खेली। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक और एक शतक लगाया। हेंस का यह प्रदर्शन 2022 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की सफलता की मुख्य वजहों में से एक माना गया।
2. एलिसा हीली (ऑस्ट्रेलिया) – 509 रन, महिला 2022
ऑस्ट्रेलिया की ओपनर एलिसा हीली ने 2022 वर्ल्ड कप में ऐसा बैटिंग शो पेश किया जो कई सालों तक याद रहना तय था। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 509 रन बनाए और 103.66 की स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए विपक्षी गेंदबाजों को लगातार दबाव में रखा।
हीली ने उस टूर्नामेंट में 170 रन की एक बड़ी और शानदार पारी भी खेली, जो महिला वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे धाकड़ पारियों में गिनी जाती है। उन्होंने टूर्नामेंट में 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए। यह रिकॉर्ड तब तक कायम रहा, जब तक लौरा वुल्वार्ट ने 2025 के फाइनल में इसे पीछे नहीं छोड़ा।
1. लौरा वुल्वार्ट (साउथ अफ्रीका) – 571 रन, महिला 2025
साउथ अफ्रीका की ओपनर लौरा वुल्वार्ट आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन चुकी है। उन्होंने महिला वर्ल्ड कप 2025 में 9 मैचों में 71.38 की औसत से 571 रन बनाए। वुल्वार्ट ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 169 रनों की शानदार पारी भी खेली थी और फाइनल में भी भारत के खिलाफ शतक (101 रन) लगाया। इस टूर्नामेंट में उनके नाम 2 शतक और तीन अर्धशतक भी दर्ज रहे।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

