वर्ल्ड कप हो या फिर कोई भी मल्टीनेशनल इवेंट, इन सभी टूर्नामेंट्स पर पूरी दुनिया की नज़र बनी रहती है। इसी वजह से खिलाड़ियों पर दबाव भी काफी बढ़ जाता है। ऐसे में जो खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करता है, उसे लंबे समय तक याद रखा जाता है। इस बार फिर से आईसीसी वीमेंस वर्ल्ड कप का आयोजन होने जा रहा है।
इस बार यह टूर्नामेंट 30 सितम्बर से शुरू होगा, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले आइए नज़र डालते हैं उन खिलाड़ियों पर, जिन्होंने अब तक इसमें सबसे ज्यादा रन बनाए हैं और जिनके नाम यह खास रिकॉर्ड दर्ज है।
इन खिलाड़ियों ने बनाए हैं वीमेंस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन
5. सूजी बेट्स (Suzie Bates)- 1179 रन

न्यूज़ीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स वीमेंस वर्ल्ड कप में रन बनाने के मामले में पांचवें स्थान पर हैं। इस ऑलराउंडर के पास इस टूर्नामेंट में अवसर है कि वह नंबर 5 से ऊपर पहुंच जाएं। वह गेंद और बल्ले दोनों से इस बार भी अपना जलवा दिखाना चाहेंगी। उनकी उम्र को देखते हुए, यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप भी हो सकता है।
बेट्स ने इस मल्टीनेशन इवेंट में अब तक 27 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 56.14 की औसत और 84.82 के स्ट्राइक रेट से 1179 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 4 शतक और 5 अर्धशतक दर्ज हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 168 रन रहा है।
4. शार्लोट एडवर्ड्स (Charlotte Edwards)- 1231 रन

इंग्लैंड की बल्लेबाज़ शार्लोट एडवर्ड्स वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 30 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 53.52 की औसत और 73.62 की स्ट्राइक रेट से 1231 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 4 शतक और 7 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 173 रन रहा है।
3. जैनेट ब्रिटिन (Janette Brittin)- 1299 रन

इंग्लैंड की बल्लेबाज़ जैनेट ब्रिटिन वीमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे नंबर पर आती हैं। उन्होंने अपने लगभग डेढ़ दशक के करियर में इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी को लंबे समय तक संभाला था।
इस टूर्नामेंट में खेले गए 30 मुकाबलों में उनके नाम 43.30 की औसत और 60.40 के स्ट्राइक रेट से 1299 रन दर्ज हैं। उन्होंने 4 शतक और 3 अर्धशतक भी लगाए हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 138 रन रहा है।
2. मिताली राज (Mithali Raj)- 1321 रन

भारत की दिग्गज बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान मिताली राज वर्ल्ड कप में सर्वश्रेष्ठ रन बनाने की सूची में दूसरे नंबर पर आती हैं। उन्होंने टीम इंडिया की बल्लेबाज़ी को उस समय संभाला था जब टीम के पास बड़े नाम नहीं थे और महिला क्रिकेट बहुत प्रसिद्ध भी नहीं था। मिताली ने अकेले ही महिला टीम की मशाल को आगे ले जाने का बीड़ा उठाया था।
उन्होंने वर्ल्ड कप जैसे बड़े इवेंट में निरंतरता के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। इस टूर्नामेंट में खेले गए 38 मुकाबलों में उनके नाम 47.17 की औसत और 67.67 के स्ट्राइक रेट से 1321 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 11 अर्धशतक लगाए, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 109 रन रहा।
1. डेबी होक्ली (Debbie Hockley) – 1501 रन

न्यूज़ीलैंड की धाकड़ बल्लेबाज़ डेबी होक्ली आईसीसी वीमेंस वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा रन बनाने के मामले में पहले नंबर पर हैं। उन्होंने लंबे समय तक अपनी टीम की बल्लेबाज़ी को मज़बूती दी और लगातार रन बनाए।
इस टूर्नामेंट में खेले गए 45 मुकाबलों में उनके नाम 42.88 की औसत और 57.16 के स्ट्राइक रेट से 1501 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 10 अर्धशतक लगाए थे, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 100 रन रहा।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







