भारत A, श्रीलंका A और अफगानिस्तान A के बीच तीन मैचों की वनडे ट्राई सीरीज दाम्बुला में खेली जा रही है। इस सीरीज में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपना तीसरा मुकाबला खेल रही है, जिसमें 15-वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 21 रन बनाकर आउट हो गए।
आईपीएल 2026 में ऑरेंज कप जीतने वाले वैभव के लिए यह ट्राई सीरीज अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं गुजरी है। वह श्रीलंका A के खिलाफ पहले मुकाबले में 12 गेंदों में मात्र 14 रन बना सके थे, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 22 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली।
श्रीलंका A के खिलाफ अहम मुकाबले में 21 रन ही बना सके वैभव सूर्यवंशी
15 जून को दाम्बुला में श्रीलंका के खिलाफ अहम मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी 14 गेंदों पर 21 रन बनाकर सहान वनुजा के हाथों पॉइंट में कैच आउट हो गए। वह कप्तान शेहान अराछिगे की पटकी हुई गेंद को गलत लाइन पर खेल बैठे और बड़ी हिट लगाने के चक्कर में अपना विकेट गँवा दिया।
वैसे तो वैभव सूर्यवंशी बड़ी हिट लगाने और तेजतर्रार बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, इसीलिए वह इस समय टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में भी शुमार हैं। लेकिन 50 ओवर के क्रिकेट में उनका बल्ला उस हद तक नहीं चलता दिखा है।
श्रीलंका A ट्राई सीरीज में अब तक तीन मैचों में 26.33 की औसत से सिर्फ 79 रन ही बना सके हैं, जिसमें 44 रनों की पारी उनकी सबसे बड़ी निजी पारी रही है। वह अब तक इस फॉर्मेट में उतने कंसिस्टेंट भी नहीं दिखे हैं, जिसके चलते उन पर यह सवाल उठने लगा है कि क्या वह अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लायक हैं या नहीं।
आईपीएल के बाद क्यों नहीं चल रहा है वैभव सूर्यवंशी का बल्ला?
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप जीता था। उन्होंने 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.30 की शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए थे, जिसमें रिकॉर्ड 72 छक्के भी शामिल थे। सूर्यवंशी ने इस सीजन कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए, लेकिन आईपीएल खत्म होने के बाद उनका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा है।
श्रीलंका A ट्राई सीरीज में वैभव की बल्लेबाजी में एक पैटर्न साफ नजर आया है। वह लगातार आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश में अपने विकेट गंवा रहे हैं। इसलिए वह अब तक 12 गेंदों पर 14 रन, 22 गेंदों पर 44 रन और 14 गेंदों पर 21 रन जैसी पारियां ही खेल सके हैं।
श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में वह हवा में शॉट खेलकर आउट हुए, अफगानिस्तान के खिलाफ शॉर्ट गेंद पर गैरजरूरी रैंप शॉट खेलने के कोशिश में विकेट गंवाया, जबकि तीसरे मुकाबले में स्पिनर की फ्लाइटेड गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में पॉइंट पर कैच दे बैठे।
इन पारियों से यह साफ दिखा है कि वैभव अभी भी टी20 अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि 50 ओवर के क्रिकेट में परिस्थितियों के अनुसार पारी को बनाने और जोखिम कम करने की जरूरत होती है।
हालाँकि, बाएँ हाथ के युवा बल्लेबाज के पास प्रतिभा और आक्रामकता की कमी नहीं है, लेकिन लिस्ट A क्रिकेट में लगातार सफल होने के लिए उन्हें शॉट सेलेक्शन, धैर्य और पारी को बड़ा बनाने काम करना होगा।
लिस्ट A क्रिकेट में ऐसे हैं वैभव सूर्यवंशी के आंकड़े
यदि लिस्ट A क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी के आंकड़ों पर नजर डालें तो, उन्होंने अब तक 10 मैचों में 39.27 की औसत से 423 रन बनाए हैं। यह आंकड़े किसी भी युवा बल्लेबाज के लिहाज से उतने भी खराब नहीं हैं।
लेकिन बड़ी बात यह है कि लिस्ट A उनके बल्ले से सिर्फ एक शतक और एक अर्धशतक ही निकले हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि वैभव अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में सफल नहीं रहे हैं।
इसके विपरीत टी20 क्रिकेट उनके आंकड़े कहीं ज्यादा प्रभावशाली हैं, जहाँ उनके बल्ले से 34 मैचों में 44.75 की औसत और 220.44 की स्ट्राइक रेट से 1477 रन निकले हैं।
क्रिकेट की लेटेस्ट न्यूज के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







