रोहित शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची वनडे में अपनी 57 रनों की पारी के बीच 3 छक्के लगाकर शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
वनडे क्रिकेट में छक्कों का रोमांच हमेशा दर्शकों को उत्साहित करता है, क्योंकि हर बड़ा शॉट मैच का रुख बदलने की क्षमता रखता है। क्रिकेट इतिहास में कई ऐसे दिग्गज बल्लेबाज हुए हैं, जिन्होंने अपनी विस्फोटक शैली से न केवल रन बनाए, बल्कि छक्कों का ऐसा रिकॉर्ड खड़ा किया जो आने वाले समय में भी याद रखा जाएगा।
इस आर्टिकल में हम ODI इतिहास के उन पांच बल्लेबाजों के बारे में जानेंगे, जिन्होंने अपने करियर में सबसे ज्यादा छक्के लगाए और अपनी टीमों के लिए मैच विनर साबित हुए।
ये हैं ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
1. रोहित शर्मा – 352 छक्के
रोहित शर्मा अब ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने इस मामले में शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रोहित ने 2007 में डेब्यू किया था और उसके बाद से उन्होंने अपनी टाइमिंग और नैचुरल एबिलिटी के दम पर दुनिया भर के गेंदबाजों को परेशान किया।
11427 रन, 33 शतक और 60 अर्धशतक रोहित की निरंतरता को दर्शाते हैं, जबकि 92.74 का स्ट्राइक रेट बताता है कि वह जोखिम उठाने में हमेशा पीछे नहीं रहे। उनकी 264 रनों की पारी आज भी ODI इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है, जो उनके क्लास और ताकत को एक साथ परिभाषित करती है।
2. शाहिद अफरीदी – 351 छक्के
शाहिद अफरीदी को उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली के कारण बूम-बूम अफरीदी कहा जाता है और वह इस नाम के पूरी तरह से हकदार रहे हैं। 351 छक्के यह दर्शाते हैं कि अफरीदी चाहे किसी भी परिस्थिति में खेलने उतरे हों, उनका इरादा हमेशा गेंद को स्टैंड्स में भेजने का ही होता था। उनका स्ट्राइक रेट 117.00 बताता है कि वें ODI क्रिकेट में शुरू से लेकर अंत तक तेजी से रन बनाते रहे। भले ही उनका औसत 23.57 रहा हो, लेकिन मैच जिताने की उनकी क्षमता और बड़े शॉट खेलना उन्हें इस सूची में टॉप पर बनाए रखता है।
3. क्रिस गेल – 331 छक्के
क्रिस गेल को यूनिवर्स बॉस इसलिए कहा जाता है क्योंकि उनकी बल्लेबाजी में ताकत, धैर्य और विस्फोटक शॉट्स का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता था। 331 छक्के इस बात का प्रमाण हैं कि वें किसी भी गेंदबाज पर भारी पड़ सकते थे।
10480 रन और 25 शतक यह दर्शाते हैं कि वें सिर्फ ताकत से बल्लेबाजी करने में ही नहीं, बल्कि बड़े स्कोर बनाने में भी माहिर थे। गेल की लम्बी कद काठी और हाई बैक लिफ्ट उन्हें लंबे छक्के मारने में मदद करती थी जिससे उनके हर शॉट में एक अलग धमक दिखाई देती थी।
4. सनथ जयसूर्या – 270 छक्के
सनथ जयसूर्या वह खिलाड़ी थे, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में नई शुरुआत दी, क्योंकि उन्होंने पहले पॉवरप्ले में तेजी से रन बनाने की रणनीति को पॉपुलर बनाया। उनके 270 छक्के यह साबित करते हैं कि वें न केवल तेज रन बनाते थे, बल्कि लगातार गेंद को हिट करने की क्षमता भी रखते थे।
13430 रन और 28 शतक इस बात को मजबूत करते हैं कि वें सिर्फ आक्रमक बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि टीम के लिए स्तंभ भी थे। जयसूर्या की बैटिंग ने दुनिया भर में ओपनिंग को एक नई दिशा दी जो आज भी कई टीमों द्वारा अपनाई जाती है।
5. महेंद्र सिंह धोनी – 229 छक्के
एमएस धोनी अपनी शांत मानसिकता और फिनिशिंग क्षमता के लिए जाने जाते हैं, लेकिन यह बात कम लोग जानते हैं कि वह ODI में 229 छक्कों के साथ इस सूची में पांचवें स्थान पर आते हैं। धोनी ने अपने वनडे करियर में 10773 रन भी बनाए और उनका 50.57 का औसत यह बताता है कि वह हर परिस्थिति में टीम के लिए भरोसेमंद बल्लेबाज रहे।
महेंद्र सिंह धोनी की हेलीकॉप्टर शॉट की कला ने उन्हें दुनिया भर में खास पहचान दिलाई, जबकि अंत में मैच खत्म करने की उनकी क्षमता उन्हें महान खिलाड़ियों की श्रेणी में शामिल करती है। धोनी ने जितने छक्के मारे हैं वह उनकी ताकत, तकनीक और शांत अंदाज का अनोखा मिश्रण रहे हैं।
(यहाँ दिए गए सभी आँकड़े 30 नवंबर 2025 तक अपडेटेड हैं।)
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

