इंडिया-पाकिस्तान, एशेज और ऑस्ट्रेलिया-न्यूज़ीलैंड कुछ राइवलरी हैं जो कि लंबे समय से चली आ रही हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों में अगर कोई एक टक्कर है जिसने फैंस को अनगिनत मोमेंट्स दिए हैं तो वो इंडिया और ऑस्ट्रेलिया ही हैं। इस सदी की शुरुआत से यह दोनों इस खेल की सबसे सफल टीमों में से एक हैं, जिन्होंने न सिर्फ अपने घर में बल्कि विदेश में भी जाकर किला फतह किया है।
जब भी यह दोनों टीमें मैदान पर होती हैं तो खिलाड़ी अपना सौ प्रतिशत देने की कोशिश करते हैं और उसमें कई यादगार पल भी दिए हैं। दोनों टीमों के पास जितने अच्छे बल्लेबाज हैं, उतने ही अच्छे गेंदबाज भी हैं जो अपने दम पर मैच जिताने का माद्दा रखते हैं। तो चलिए जानते हैं कि इंडिया ऑस्ट्रेलिया वनडे में सबसे ज्यादा विकेट किस खिलाड़ी ने लिए हैं।
इंडिया-ऑस्ट्रेलिया वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
5. मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) – 42 विकेट

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ काफी शानदार है। बड़े मैचों और अच्छी टीम के सामने उनका लेवल काफी अप हो जाता है और उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहता है। घर हो या फिर ऑस्ट्रेलिया, वो हर जगह बल्लेबाजों को परेशानी में डालने में सफल रहते हैं।
शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 30.85 की औसत और 30.80 की स्ट्राइक रेट से 42 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट प्रदर्शन 5 विकेट 51 रन देकर लेना था।
4. स्टीव वॉ (Steve Waugh) – 43 विकेट

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान और धाकड़ ऑलराउंडर स्टीव वॉ बड़े मैचों के खिलाड़ी थे। उनकी बल्लेबाजी की जितनी चर्चा होती थी, उसमें कहीं न कहीं उनकी गेंदबाजी छिप सी जाती थी। भारत में हुए 1987 वर्ल्ड कप फाइनल में अपनी कटर्स और स्लोअर बॉल के दम पर अपनी टीम को मैच जिताने में मदद की थी।
वॉ ने इंडिया के खिलाफ 53 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 29.46 की औसत और 35.93 की स्ट्राइक रेट से 43 विकेट झटके हैं। यही नहीं, 40 रन देकर 4 विकेट लेना उनका बेस्ट प्रदर्शन है।
3. मिचेल जॉनसन (Mitchell Johnson) – 43 विकेट

अपनी रफ्तार भरी गेंदों से बल्लेबाजों को दहशत में डालने वाले मिचेल जॉनसन विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर आते हैं। उन्होंने अपनी पेस और लेट स्विंग से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छकाया है। बेजान पिच पर भी उनको खेलना काफी मुश्किल होता था।
मिचेल ने इंडिया के खिलाफ खेले 27 वनडे में 26.06 की औसत और 30.76 की स्ट्राइक रेट से 43 विकेट लिए हैं। उस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 26 रन देकर 5 विकेट है।
2. कपिल देव (Kapil Dev) – 45 विकेट

भारत के दिग्गज ऑलराउंडर और सबसे सफल कप्तानों में से एक कपिल देव ने अपनी गेंदबाजी से काफी समय तक भारतीय टीम को लीड किया है। उनके पास न सिर्फ स्विंग थी बल्कि वो हाई पेस के साथ बाउंसर डालने की क्षमता भी रखते थे, जिसके चलते वो अपने करियर में इतने सफल रहे थे।
कपिल देव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 41 वनडे मैचों में 27.68 की औसत और 45.15 की स्ट्राइक रेट से 45 विकेट लिए हैं। 43 रन देकर 5 विकेट लेना उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा है।
1. ब्रेट ली (Brett Lee) – 55 विकेट

ऑस्ट्रेलिया के ही नहीं बल्कि दुनिया के सफल तेज गेंदबाजों में शुमार ब्रेट ली इंडिया-ऑस्ट्रेलिया वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने भी अपनी एक्स्ट्रा पेस से सभी बल्लेबाजों को परेशान किया था। उनके पास न सिर्फ रफ्तार थी बल्कि सटीक बाउंसर भी थी, जिसका फायदा उन्हें विकेट के रूप में मिलता था।
ब्रेट ली ने इंडिया के खिलाफ खेले 32 मुकाबलों में 21.00 की औसत और 28.05 की स्ट्राइक रेट से 55 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 27 रन देकर 5 विकेट लेना है।

