MS Dhoni Career Stats, Records & Achievements: जब भी महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया जाता है, तो सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि एक लीडर, एक रणनीतिकार और एक प्रेरणा के रूप में याद किया जाता है। 07 जुलाई 1981 को जन्मे इस दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज और कप्तान ने भारतीय क्रिकेट को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।
एमएस धोनी का करियर आंकड़ों और उपलब्धियों से भरपूर है, लेकिन उनका असली प्रभाव उनकी लीडरशिप और मैदान पर शांत दिमाग से आता है। उनके जन्मदिन के मौके पर आइए नजर डालते हैं उनके करियर के कुछ खास आंकड़ों और रिकॉर्ड्स पर।
538 मैचों में 17266 रन
महेंद्र सिंह धोनी ने कुल 538 इंटरनेशनल मैच खेले, जिनमें उन्होंने 526 पारियों में बल्लेबाज़ी करते हुए 142 बार नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने कुल 17,266 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 224 रन (टेस्ट क्रिकेट में) रहा। उनका बल्लेबाज़ी औसत 44.96 रहा, जो एक विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर शानदार है।
धोनी ने अपने अन्तर्राष्ट्रीय करियर में 21834 गेंदों का सामना किया, उनके बल्ले से 1486 चौके और 359 छक्के निकले, जो उनकी फिनिशिंग क्षमता को बखूबी दिखाते हैं। उन्होंने सभी इंटरनेशनल फॉर्मेट में 16 शतक और 108 अर्धशतक भी लगाए।
अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 829 शिकार
एक विकेटकीपर के तौर पर धोनी ने विकेटों के पीछे से कुल 829 शिकार भी किए, जिनमें 634 कैच और 195 स्टंपिंग्स शामिल हैं। खास बात यह है कि स्टंपिंग्स के मामले में वह अब तक के सबसे सफल विकेटकीपरों में से एक हैं। उनकी बिजली जैसी फुर्ती और फैसले लेने की काबिलियत ने कई बार भारत को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला।
23 मैन ऑफ द मैच और 7 मैन ऑफ द सीरीज़ अवॉर्ड्स
धोनी की मैच जिताने की क्षमता को उनके मैन ऑफ द मैच (23 बार) और मैन ऑफ द सीरीज़ (7 बार) अवॉर्ड्स भी दर्शाते हैं। वह न सिर्फ एक शानदार कप्तान थे, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों में टीम के लिए खड़े होने वाले खिलाड़ी भी रहे।
धोनी की कप्तानी में भारत को मिली 179 जीत और कई ऐतिहासिक ट्रॉफियाँ
धोनी की कप्तानी में भारत ने 179 अंतरराष्ट्रीय मैचों में जीत दर्ज की। उनकी कप्तानी में भारत ने तीन आईसीसी ट्रॉफियाँ (2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी) जीती। इसके अलावा धोनी ने दो टेस्ट मेस और दो एशिया कप खिताब भी जीते।
बेहतरीन साझेदारियों में भी धोनी सबसे आगे
धोनी की बल्लेबाज़ी साझेदारियों का भी खास योगदान रहा। उन्होंने 6 बार दोहरी शतकीय (200+) साझेदारियां कीं, 77 बार शतकीय (100+) और 252 बार अर्धशतकीय (50+) साझेदारियां कीं। ये आंकड़े दिखाते हैं कि वह टीम के साथ बल्लेबाज़ी में कितने मजबूत साथी रहे।
आईपीएल में भी धोनी का जलवा
एमएस धोनी ने आईपीएल में भी अपना जलवा कायम रखा है। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स अब तक पांच आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी है, जबकि दो चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी भी उनके नाम हैं। वह आईपीएल का खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान भी हैं। इसके अलावा, उन्होंने इस लीग में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच खेले हैं और सबसे ज्यादा मैचों में जीत भी हासिल की है।
धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा (278) मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं और इस दौरान उन्होंने 38.3 की औसत और की स्ट्राइक रेट से 5439 रन भी बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक भी शामिल हैं। वह इस लीग में अब तक 375 चौके और 264 छक्के भी जड़ चुके हैं।
सम्मान और पुरस्कारों की झड़ी
धोनी को भारत सरकार की ओर से राजीव गांधी खेल रत्न, पद्म श्री और पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। इसके अलावा उन्हें ICC Hall of Fame में भी शामिल किया गया है।
वह दो बार ICC ODI Player of the Year चुने गए और छह बार ICC ODI Team Captain रहे। इसके अलावा दो बार ICC टेस्ट टीम और एक बार ICC टी20 टीम के कप्तान रहे। इसके अलावा, धोनी कुल 9 बार ICC ODI Team, 3 बार ICC टेस्ट टीम और 1 बार ICC टी20 टीम का हिस्सा रहे।
ये आंकड़े दिखाते हैं कि, महेंद्र सिंह धोनी न सिर्फ भारत के, बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे सफल और सम्मानित खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने जो ऊंचाइयां छुईं, वो हमेशा याद की जाएंगी। उनकी बल्लेबाज़ी, विकेटकीपिंग और कप्तानी का संतुलन उन्हें एक महान क्रिकेटर बनाता है।
उनके जन्मदिन पर पूरा क्रिकेट जगत उन्हें सलाम करता है और उनके योगदान को गर्व के साथ याद करता है।
धोनी के प्रोफेशनल क्रिकेट करियर के पूरे आंकड़े (एक नजर में)
MS धोनी का बैटिंग और विकेटकीपिंग करियर
| फॉर्मेट | मैच | पारियाँ | नाबाद | रन | बेस्ट स्कोर | औसत | गेंदें खेली | स्ट्राइक रेट | शतक | अर्धशतक | चौके | छक्के | कैच | स्टंपिंग |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| टेस्ट | 90 | 144 | 16 | 4876 | 224 | 38.09 | 8249 | 59.11 | 6 | 33 | 544 | 78 | 256 | 38 |
| वनडे | 350 | 297 | 84 | 10773 | 183* | 50.57 | 12303 | 87.56 | 10 | 73 | 826 | 229 | 321 | 123 |
| टी20I | 98 | 85 | 42 | 1617 | 56 | 37.60 | 1282 | 126.13 | 0 | 2 | 116 | 52 | 57 | 34 |
| आईपीएल | 278 | 242 | 100 | 5439 | 84* | 38.30 | 3957 | 137.45 | 0 | 24 | 375 | 264 | 158 | 47 |
| चैंपियंस लीग टी20 (CLT20) | 24 | 23 | 8 | 449 | 63* | 29.93 | 318 | 141.19 | 0 | 1 | 28 | 26 | 14 | 11 |
| फर्स्ट क्लास | 131 | 210 | 19 | 7038 | 224 | 36.84 | – | – | 9 | 47 | – | – | 364 | 57 |
| लिस्ट A | 423 | 364 | 99 | 13353 | 183* | 50.38 | – | – | 17 | 87 | – | – | 402 | 141 |
| टी20 (ओवरऑल) | 405 | 355 | 152 | 7628 | 84* | 37.57 | 5624 | 135.63 | 0 | 28 | 529 | 350 | 230 | 92 |
MS धोनी का बॉलिंग करियर
| फॉर्मेट / टूर्नामेंट | मैच | पारियाँ | गेंदें | रन | विकेट | बेस्ट स्पेल (पारी) | बेस्ट स्पेल (मैच) | औसत | इकॉनमी | स्ट्राइक रेट | 4 विकेट | 5 विकेट | 10 विकेट |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| टेस्ट | 90 | 7 | 96 | 67 | 0 | – | – | – | 4.18 | – | 0 | 0 | 0 |
| वनडे | 350 | 2 | 36 | 31 | 1 | 1/14 | 1/14 | 31.00 | 5.16 | 36.0 | 0 | 0 | 0 |
| टी20I | 98 | – | – | – | – | – | – | – | – | – | – | – | – |
| फर्स्ट क्लास | 131 | – | 126 | 87 | 0 | – | – | – | 4.14 | – | 0 | 0 | 0 |
| लिस्ट A | 423 | – | 63 | 53 | 2 | 1/14 | 1/14 | 26.50 | 5.04 | 31.5 | 0 | 0 | 0 |
| टी20 (कुल) | 405 | 1 | 12 | 25 | 0 | – | – | – | 12.50 | – | 0 | 0 | 0 |
| आईपीएल | 278 | – | – | – | – | – | – | – | – | – | – | – | – |
| चैम्पियंस लीग T20 | 24 | 1 | 12 | 25 | 0 | – | – | – | 12.50 | – | 0 | 0 | 0 |
करियर जानकारी
- T20I डेब्यू: बनाम साउथ अफ्रीका, 1 दिसंबर 2006, वांडरर्स स्टेडियम
- अंतिम T20I: बनाम ऑस्ट्रेलिया, 27 फरवरी 2019, एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम
- टेस्ट डेब्यू: बनाम श्रीलंका, 2 दिसंबर 2005, एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम
- अंतिम टेस्ट: बनाम ऑस्ट्रेलिया, 26 दिसंबर 2014, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड
- वनडे डेब्यू: बनाम बांग्लादेश, 23 दिसंबर 2004, एम.ए. अजीज स्टेडियम
- अंतिम वनडे: बनाम न्यूजीलैंड, 9 जुलाई 2019, एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड
- आईपीएल डेब्यू: बनाम पंजाब किंग्स, 19 अप्रैल 2008, PCA आईएस बिंद्रा स्टेडियम
- अंतिम आईपीएल: बनाम गुजरात टाइटंस, 25 मई 2025, नरेंद्र मोदी स्टेडियम
- चैम्पियंस लीग डेब्यू: बनाम सेंट्रल स्टैग्स, 11 सितंबर 2010, किंग्समीड
- अंतिम CL T20 मैच: बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, 4 अक्टूबर 2014, एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

