PSL 2026 से पहले सियालकोट स्टैलियंज ने अपना नाम बदलकर मुल्तान सुल्तान्स रखा और फ्रेंचाइजी फीस भी बढ़ाई गई।
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 से ठीक पहले एक बड़ा मोड़ देखने को मिला है। जिस मुल्तान सुल्तान्स फ्रेंचाइजी को कुछ हफ्ते पहले लीग से बाहर मान लिया गया था, वह अब फिर से उसी नाम के साथ वापसी कर रही है। सियालकोट स्टैलियंज ने आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदलकर मुल्तान सुल्तान्स रखने का फैसला किया है।
इस फैसले की घोषणा PSL के सीईओ सलमान नसीर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। उनके साथ नई फ्रेंचाइजी के सीईओ और पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर गोहर शाह भी मौजूद थे।
कैसे खत्म हुआ था मुल्तान सुल्तान्स का सफर
पिछले महीने मुल्तान सुल्तान्स की मूल फ्रेंचाइजी ऑक्शन के लिए रखी गई थी, क्योंकि पूर्व मालिक अली तरीन ने लीज रिन्यू नहीं करने का फैसला लिया। इसके बाद वली टेक्नोलॉजीज ने 2.45 अरब पाकिस्तानी रुपये की वार्षिक फीस पर फ्रेंचाइजी खरीदी, जो लीग के इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी।
नई मालिकाना हक मिलने के बाद टीम को रावलपिंडी शिफ्ट किया गया और उसका नाम बदलकर पिंडिज कर दिया गया। इससे मुल्तान सुल्तान्स नाम का चैप्टर लगभग खत्म माना जा रहा था।
फिर कैसे बदला पूरा खेल
उधर PSL 2026 के लिए नई टीम सियालकोट स्टैलियंज की एंट्री हुई, लेकिन मालिकाना हक में बदलाव और आंतरिक घटनाक्रम के बाद सीडी वेंचर्स ने 98 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली। गोहर शाह ने सीईओ का पद संभालते ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को नाम बदलने के लिए आवेदन दिया।
सलमान नसीर ने बताया कि नाम बदलने के लिए एकमुश्त फ्रेंचाइजी फीस अदा की गई है। अब टीम आधिकारिक रूप से मुल्तान सुल्तान्स के नाम से जानी जाएगी। साथ ही फ्रेंचाइजी की वार्षिक फीस बढ़ाकर 2 अरब पाकिस्तानी रुपये कर दी गई है।
गोहर शाह ने साफ कहा कि वह चाहते थे कि उनका क्षेत्र मुल्तान और साउथ पंजाब PSL में प्रतिनिधित्व करता रहे। इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
मुल्तान सुल्तान्स के बाहर होने से वापसी तक पूरी टाइमलाइन
- 25 नवंबर 2025 को अली तरीन ने फ्रेंचाइजी रिन्यू करने से इनकार किया।
- 28 दिसंबर 2025 को PCB ने 2026 सीजन में खुद मुल्तान टीम चलाने का फैसला किया।
- 8 जनवरी 2026 को दो नई फ्रेंचाइजी ऑक्शन में शामिल हुईं, जिनमें सियालकोट स्टैलियंज भी शामिल थी।
- 9 फरवरी 2026 को मुल्तान सुल्तान्स 2.45 अरब रुपये में वली टेक्नोलॉजीज को बेची गई और नाम बदलकर रावलपिंडी रखा गया।
- 3 मार्च 2026 को सियालकोट स्टैलियंज ने खुद को रीब्रांड करते हुए मुल्तान सुल्तान्स नाम अपनाया।
PSL 2026 की शुरुआत
सलमान नसीर ने यह भी घोषणा की कि PSL 2026 का उद्घाटन समारोह लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा। पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन लाहौर कलंदर्स और नई फ्रेंचाइजी हैदराबाद किंग्समेन के बीच खेला जाएगा।
मुल्तान सुल्तान्स ने 2021 में एक बार PSL खिताब जीता था और पिछले आठ सीजन में लीग की एक मजबूत पहचान बन चुकी थी। अब नए मालिकाना ढांचे के साथ यह नाम एक बार फिर मैदान पर दिखाई देगा। PSL 2026 से पहले फ्रेंचाइजी स्तर पर हुए इस बड़े बदलाव ने लीग के ब्रांड वैल्यू और कॉम्पटीशन दोनों को नया आयाम दिया है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

