साल 2008 से शुरु हुआ आईपीएल आज के वक्त में बहुत बदल चुका है। इस लीग के शुरुआती चरण में आईपीएल के लिए दुनिया का रूझान कम था। लेकिन आज के दौर में आइपीएल दुनिया की सबसे लोकप्रिय लीग बन चुका है। एक तरफ यहां पर चौके छक्कों की बरसात होती है, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ मैचों में खिलाड़ियों के बीच तू-तू, मैं-मैं भी हो जाती है। इसी कड़ी में आज हम कुछ ऐसे खिलाड़ियों के बारे में आपको बताने जा रहे हैं, जिनमें कभी एक दूसरे के लिए तकरार थी। लेकिन आईपीएल आने के बाद वो आज एक दूसरे के यार हैं।

अश्विन और बटलर
भले ही आज आर अश्विन और जोस बटलर राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलते हैं और अच्छे दोस्त भी हैं। लेकिन कुछ साल पहले ये दोनों एक दूसरे से मैदान पर भिड़ गए थे। साल 2019 में अश्विन किंग्स इलेवन पंजाब के लिए और बटलर राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते थे। इस दौरान एक मुकाबले में अश्विन ने बटलर को मांकडिंग कर दिया और इसके बाद देखते ही देखते दोनों के बीच बहस छिड़ गई। उस वक्त ये एक दूसरे के लिए विरोधी थे, लेकिन आज एक टीम के लिए खेलते हैं और अच्छे दोस्त भी हैं।
श्रीसंत और हरभजन सिंह
पहले ही सीजन 2008 में हुई हरभजन सिंह और श्रीसंत की लड़ाई को भला कौन भूल सकता है। ये आईपीएल में दो खिलाड़ियों के बीच हुई अब तक की सबसे बड़ी राइवलरी में से एक है। 2008 में हुए एक मैच के दौरान हरभजन सिंह ने श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था। जिसके कारण श्रीसंत को मैदान पर रोते हुए देखा गया। हरभजन की इस हरकत के बाद उन्हें इस सीजन के लिए बाहर कर दिया गया। हालांकि वर्तमान समय में ये दोनों सारे गिले-सिकवे भूला कर एक दूसरे के साथ अच्छे से बात करते है और कमेंट्री भी में भी एक साथ दिखाई देते हैं।
हरभजन सिंह और रिकी पोंटिंग
साल 2008 में हरभजन सिंह और रिकी पोंटिंग के बीच हुआ ‘मंकीगेट’ विवाद काफी चर्चा का विषय बना था। इसके बाद इन दोनों के बीच काफी मनमुटाव हुआ था। लेकिन इन दोनों को आईपीएल ने दोस्त बना दिया। जी, हां दरअसल 2013 में ये दोनों आईपीएल के दौरान एक ही टीम मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे थे। एक मैच के दौरान रिकी पोंटिंग ने एक मुश्किल कैच पकड़ा था, इसके बाद भज्जी अचानक से पोंटिंग के गले लगे लग गए थे।

