पाकिस्तान टीम को एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें तीन बार आमने-सामने आई थीं और सभी में उनको मुंह की खानी पड़ी थी।
एशिया कप 2025 में भारत के हाथों मिली करारी हार के बाद, पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब अपने घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका जैसी मज़बूत टीम का सामना करने के लिए तैयार है। दोनों टीमों के बीच 12 अक्टूबर से टेस्ट सीरीज़ शुरू हो रही है, जिसके लिए पाकिस्तान ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ के लिए 18 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह सीरीज़ आईसीसी की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा होगी और इसकी शुरुआत 12 अक्टूबर से लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज़ के लिए शान मसूद को ही कप्तान बनाया गया है। उन्हें पिछले साल ही कप्तान बनाया गया था। उसके बाद से टीम का प्रदर्शन मिला-जुला ही रहा है। जहाँ उन्होंने घर में इंग्लैंड को पहले मैच में हारने के बाद भी सीरीज़ हराई थी, तो वहीं विदेश में टक्कर तो दी लेकिन मैच नहीं जीत पाए। इसलिए अभी पीसीबी का भरोसा उनके ऊपर कायम है और वो कब तक बना रहेगा, यह किसी को नहीं पता।
शाहीन अफरीदी की हुई वापसी
तेज़ गेंदबाज़ शाहीन अफरीदी को टीम में वापसी का मौका दिया गया है। वह इस साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज़ में नहीं खेल पाए थे। लेफ्ट आर्म तेज़ गेंदबाज़ ने एशिया कप में ठीक गेंदबाज़ी की थी, जिसके चलते उनके लिए टेस्ट टीम में वापसी के दरवाज़े खुले हैं। वहीं, उनके साथी तेज़ गेंदबाज़ नसीम शाह टेस्ट टीम में जगह बनाने में सफल नहीं हुए हैं। युवा खिलाड़ी को एशिया कप के लिए भी टीम में मौका नहीं दिया गया था।
12 अक्टूबर से टेस्ट, 28 अक्टूबर से टी20 और 4 नवंबर से होगा वनडे सीरीज़ का आगाज़
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के अंतर्गत दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट 12 से 16 अक्टूबर तक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 20 से 24 अक्टूबर तक रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
टेस्ट श्रृंखला के बाद, दोनों टीमें 28 अक्टूबर से 8 नवंबर तक तीन टी20 और तीन एकदिवसीय मैच खेलेंगी। इन सीमित ओवरों के मैचों के लिए एक अलग पाकिस्तानी टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।
टेस्ट सीरीज़ से पहले ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज़ से पहले, खिलाड़ी रेड बॉल के कोच अज़हर महमूद और एनसीए के कोचों की देखरेख में एक ट्रेनिंग कैंप में भाग लेंगे। यह कैंप 30 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा। हाल ही में एशिया कप में खेलने वाले खिलाड़ी 4 अक्टूबर को टीम से जुड़ेंगे।
पाकिस्तान की टीम
शान मसूद (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला शफीक, अबरार अहमद, आसिफ अफरीदी, बाबर आज़म, फैसल अकबर, हसन अली, इमाम-उल-हक, कमरान गुलाम, खुुर्रम शाहजाद, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), नोमान अली, रोहैल नज़ीर (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील और शाहीन शाह अफरीदी।

