Prithvi Shaw Admits His Mistakes for Downfall: भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे के तौर पर पहचान बनाने वाले पृथ्वी शॉ का करियर अब एक नए मोड़ पर है। साल 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान और टेस्ट डेब्यू में शतक लगाने वाले इस खिलाड़ी को एक समय विराट कोहली के बाद अगली बड़ी चीज माना जा रहा था।
हालाँकि, 2025 का साल उनके लिए बेहद खराब रहा। अब वह आईपीएल टीम से बाहर हैं, मुंबई की घरेलू टीम ने भी उन्हें ड्रॉप कर दिया है और वह खुद स्वीकार कर रहे हैं कि करियर की यह गिरावट अचानक नहीं आई, बल्कि गलत फैसलों का नतीजा है।
“मैंने गलत फैसले लिए, क्रिकेट को समय देना कम कर दिया” – शॉ
News24 को दिए गए एक इंटरव्यू में पृथ्वी शॉ ने खुलकर बताया कि कैसे उन्होंने धीरे-धीरे अपने ट्रैक से भटकना शुरू किया।
उन्होंने कहा:
“बहुत सारी चीजें हैं। लोगों के लिए देखना अलग होता है, लेकिन मुझे पता है कि क्या हुआ है। मैंने जीवन में कई गलत फैसले लिए। क्रिकेट को कम समय देने लगा। पहले 3-4 घंटे नेट्स में बैटिंग करता था, थकता नहीं था। अब चीजें बदल गई हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि कैसे ध्यान भटकने लगा और अभ्यास का समय भी घटता गया।
शॉ ने कहा:
“पहले मैं मैदान में 8 घंटे देता था, अब सिर्फ 4 घंटे। धीरे-धीरे मैं जरूरी चीजों को नजरअंदाज कर गैरजरूरी चीजों में उलझने लगा।”
“मैंने गलत दोस्त बनाए, उसी में भटक गया”
पृथ्वी शॉ ने माना कि उनकी दोस्ती का चुनाव भी उनके करियर के लिए नुकसानदायक साबित हुआ।
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा:
“उस समय मैं टॉप पर था, तो दोस्ती भी बनती गई। मैंने कुछ गलत दोस्त बनाए। वे मुझे इधर-उधर ले जाने लगे। फिर मैं ट्रैक से हट गया।”
उनके मुताबिक यह भटकाव धीरे-धीरे आया और उन्होंने क्रिकेट से जुड़ी गंभीरता को खो दिया। ये सब चीजें एक साथ उनके प्रदर्शन को प्रभावित करने लगीं।
“मेरी गिरावट के वक्त कोई नहीं आया, सिर्फ पंत और तेंदुलकर आए” – पृथ्वी शॉ
अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए शॉ ने कहा कि जब वह मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब ज्यादातर लोगों ने उनसे दूरी बना ली थी।
भारत को 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान ने कहा:
“मेरी हालत खराब थी, उस वक्त कोई नहीं आया। सिर्फ ऋषभ पंत और सचिन तेंदुलकर ने मुझसे बात की। उन्होंने (सचिन ने) मुझे देखा है, मैं अर्जुन तेंदुलकर के साथ उनके घर भी गया हूं। वे मेरी मेहनत और संघर्ष को समझते हैं।”
मुंबई से NOC लेकर अब महाराष्ट्र के लिए खेलेंगे पृथ्वी
पृथ्वी शॉ को हाल ही में मुंबई की घरेलू टीम से बाहर कर दिया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब उन्होंने महाराष्ट्र क्रिकेट टीम के लिए खेलने की तैयारी कर ली है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से NOC मिलने के बाद वह रुतुराज गायकवाड़ के साथ महाराष्ट्र की टीम में शामिल हो सकते हैं।
उनका आखिरी मैच मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का फाइनल था। फिटनेस और अनुशासन को लेकर सवालों के चलते उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था।
IPL 2025 में रहे अनसोल्ड, कभी थे 7.5 करोड़ के खिलाड़ी
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने उन्हें पहले 7.5 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन लगातार दो खराब सीजन के बाद उन्होंने शॉ को रिलीज कर दिया। इसके बाद IPL 2025 के ऑक्शन में कोई भी टीम उन्हें खरीदने आगे नहीं आई। यह उनके करियर के लिए एक बड़ा झटका था।
शॉ के प्रदर्शन के साथ-साथ उनकी फिटनेस और रवैये को लेकर भी सवाल उठे, जिसने उनकी छवि को और भी प्रभावित किया। एक समय जिस खिलाड़ी को भारत का अगला ओपनर माना जा रहा था, वह अब बिना टीम के हैं।
अब है नई शुरुआत की उम्मीद
हालांकि, इन तमाम मुश्किलों के बावजूद पृथ्वी शॉ हार मानने को तैयार नहीं हैं। 25 साल की उम्र में अभी भी उनके पास वापसी का समय है। उन्होंने माना कि यह सफर आसान नहीं होगा, लेकिन अगर वह मेहनत और अनुशासन बनाए रखते हैं, तो वापसी संभव है। अब देखना होगा कि वह इस बार अपनी गलतियों से सबक लेकर फिर से खुद को साबित कर पाते हैं या नहीं।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।