पाकिस्तान सुपर लीग 2025 (PSL 2025) को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जो नई योजना बनाई थी, उस पर अब पानी फिरता नजर आ रहा है। PCB ने ऐलान किया था कि PSL के बचे हुए आठ मैच अब पाकिस्तान से हटाकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में कराए जाएंगे। लेकिन अब खबर सामने आ रही है कि अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ECB) इस अनुरोध को मंज़ूरी नहीं देगा। सूत्रों के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव के कारण UAE बोर्ड इस प्रस्ताव को लेकर सतर्क हो गया है।
भारत-पाक तनाव ने UAE को किया सतर्क, सुरक्षा और छवि को लेकर चिंता
एक सूत्र ने बताया कि अमीरात क्रिकेट बोर्ड को इस बात की चिंता है कि PSL जैसे टूर्नामेंट को होस्ट करने से उसकी छवि पर असर पड़ सकता है और इससे उसे भारत का विरोधी समझा जा सकता है।
सूत्र के अनुसार, “भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा सीमा तनाव को देखते हुए UAE बोर्ड इस स्थिति में नहीं है कि वह PSL की मेज़बानी को मंज़ूरी दे। इससे समुदायों के बीच टकराव का खतरा बढ़ सकता है और सुरक्षा की स्थिति बिगड़ सकती है।”
BCCI और UAE का संबंध मजबूत
UAE ने पिछले कुछ सालों में BCCI के साथ मजबूत संबंध बनाए हैं। 2021 में टी20 वर्ल्ड कप के ‘इंडिया एडिशन’, IPL के कई सीज़न और अब आगामी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के मैचों की मेज़बानी UAE ने की है। ऐसे में PSL को मंजूरी देना अमीरात बोर्ड को भारत के नजर में गलत जगह खड़ा कर सकता है।
ICC का मुख्यालय भी दुबई में, जय शाह का प्रभाव भी अहम
इस पूरे घटनाक्रम में एक और अहम बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का मुख्यालय दुबई में है और वर्तमान में इसके अध्यक्ष भारत के जय शाह हैं। UAE इस सेंसिटिव माहौल में कोई ऐसा कदम नहीं उठाना चाहता जो BCCI या ICC के साथ उसके संबंधों पर नकारात्मक असर डाले।
PCB की योजना अधर में, रावलपिंडी का मैच पहले ही रद्द
इस बीच PCB ने गुरुवार को रावलपिंडी में खेला जाने वाले पेशावर जाल्मी और कराची किंग्स के बीच मुकाबले को रद्द कर दिया था। इसके बाद उन्होंने बचे आठ मैचों को रावलपिंडी, लाहौर और मुल्तान से हटाकर UAE में आयोजित करने की बात कही थी। लेकिन अब इन मुकाबलों को लेकर अनिश्चितता और गहरा गई है।
किस वजह से बनी यह स्थिति?
यह पूरी स्थिति उस घटनाक्रम के बाद बनी है, जब 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकी ढांचों पर मिसाइल हमले किए। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है, जिसका असर अब क्रिकेट पर भी साफ नजर आ रहा है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

