टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज ने इस साल ही कुछ महीने पहले आईपीएल से संन्यास लिया था और उसके बाद उन्होंने अपने भविष्य के प्लान को भी बताया था। वह दुनियाभर में हो रही अन्य टी20 लीग में खेलना चाहते थे।
इस दिग्गज खिलाड़ी ने कुछ लीग में अपना नाम ड्राफ्ट में दिया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया में होने वाली बिग बैश लीग और यूएई में होने वाली आईएलटी20 शामिल थीं। अश्विन को अब बीबीएल में एंट्री मिल गई है और अब वह इस टीम के लिए अपना जौहर दिखाते हुए नजर आएंगे।
रविचंद्रन अश्विन सिडनी थंडर्स के लिए खेलते आएंगे नजर

आपको बता दें कि, रविचंद्रन अश्विन को बीबीएल में शामिल करने के लिए 4 टीमों में बात चल रही थी। जिसमें सिडनी शहर की दोनों टीमें (सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर्स) का नाम तो सामने आ ही रहा था। इसके साथ ही होबार्ट हरिकेंस और टिम पेन की एडिलेड स्ट्राइकर्स उन्हें टीम में लेना चाहती थीं। हालाँकि वह किस टीम में जाएंगे इसका खुलासा हो गया है।
Also Read: AUS vs ENG: एशेज सीरीज के लिए इंग्लैंड ने किया स्क्वाड का ऐलान, इस खिलाड़ी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
रविचंद्रन अश्विन बिग बैश लीग के 2025-26 सीज़न में सिडनी थंडर्स टीम का हिस्सा होंगे। अश्विन बिग बैश लीग के आगामी सीज़न के लिए सिडनी थंडर्स से जुड़ेंगे और इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले पहले प्रमुख भारतीय क्रिकेटर बनेंगे।
बीबीएल में खेलने वाले पहले भारतीय बनेंगे रविचंद्रन अश्विन
अश्विन के सिडनी थंडर्स टीम में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा जल्द ही की जाएगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने खुद इस महीने की शुरुआत में अश्विन से संपर्क किया था और उनके बीबीएल में खेलने की संभावना पर चर्चा की थी।
अश्विन ने बीबीएल विदेशी खिलाड़ियों के ड्राफ्ट के लिए नाम नहीं दिया था, इसलिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें सिडनी थंडर्स टीम का हिस्सा बनने के लिए विशेष अनुमति देगा।
बिग बैश लीग का आगामी सीजन 14 दिसंबर से शुरू होगा, जिसका फाइनल 18 जनवरी को होगा। अश्विन, जो अंतर्राष्ट्रीय टी20 लीग में भी खेलते हैं, उस सीजन के समाप्त होने के बाद बीबीएल में भाग ले सकेंगे।
डेविड वार्नर और रविचंद्रन अश्विन की जोड़ी दिखाएगी दम
सिडनी थंडर्स की टीम की कप्तानी ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज़ डेविड वार्नर संभालते हैं। वह भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और पिछले साल भी उन्होंने पूरे सीजन में अपनी टीम का नेतृत्व किया था। यही नहीं, उनकी कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुँचने में सफल हुई थी, जहाँ उन्हें मिचेल ओवेन के धमाकेदार शतक के चलते हार का सामना करना पड़ा था।
अश्विन के जुड़ने से टीम और ज़्यादा मजबूत होगी। उनके पास टी20 क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव है और सिडनी की विकेट स्पिन गेंदबाजों के लिए थोड़ी मददगार होती हैं। ऐसे में वह वहाँ पर टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं।

