रोहित शर्मा भारत के ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे बेहतरीन ओपनिंग बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया को न जाने कितने मैच जिताए हैं। यही नहीं, अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को आईसीसी ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, जो उनके करियर की खास उपलब्धि है।
रोहित इतने बड़े बल्लेबाज इसलिए भी हैं, क्योंकि वे बड़ी टीमों के खिलाफ हमेशा अच्छा प्रदर्शन करते हैं। न्यूज़ीलैंड दुनिया की टॉप टीमों में से एक है और उनके खिलाफ तो शर्मा अलग ही फॉर्म में आ जाते हैं। उनकी फॉर्म कैसी भी हो, वह कीवी टीम के खिलाफ हमेशा रन बनाते हैं।
रोहित भारत में तो और भी ज्यादा खतरनाक हो जाते हैं। तो चलिए जानते हैं कि इस धाकड़ बल्लेबाज ने भारतीय धरती पर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ कितने रन बनाए हैं और उनका प्रदर्शन कैसा रहा है।
इंडिया-न्यूज़ीलैंड वनडे में टॉप 10 रन बनाने के मामले में आते हैं रोहित

रोहित शर्मा को लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज हमेशा से तंग करते आए हैं और न्यूज़ीलैंड के पास हमेशा से ऐसा ही खिलाड़ी जरूर रहता है, जो पूर्व भारतीय कप्तान को मुश्किलों में डालता है। कीवीलैंड में उनको मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, लेकिन भारत में ऐसा कुछ भी संभव नहीं होता है।
रोहित शर्मा भारत और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप 10 में आते हैं। वह इस लिस्ट में और भी ज्यादा ऊपर आ सकते हैं, क्योंकि कुछ रन बनाते ही वह सौरव गांगुली को पीछे छोड़ सकते हैं।
ऐसा है रोहित का न्यूज़ीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड
रोहित ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ 31 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 38.32 की औसत से 1073 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 6 अर्धशतक भी निकले हैं और उनका हाईएस्ट स्कोर 147 है।
भारत में शानदार है रोहित का रिकॉर्ड
भारत में खेले गए मुकाबलों में उनका एवरेज और स्ट्राइक रेट भी काफी ज्यादा बढ़ जाता है। रोहित शर्मा ने 14 मैचों में 44.28 की औसत और लगभग 100 के स्ट्राइक रेट से 620 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं।
शानदार फॉर्म में हैं रोहित
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई सीरीज में भी वह अच्छी फॉर्म में दिखे थे। जब से उनसे वनडे की कप्तानी छीनी गई है और उनकी जगह पर लगातार सवाल किए गए हैं, तब से उन्होंने अपने बल्ले से करारा जवाब दिया है। पिछले 6 मुकाबलों में वह 2 शतक लगा चुके हैं। यही नहीं, विजय हज़ारे ट्रॉफी में भी सिक्किम के खिलाफ उनके बल्ले से शतक आया था।







