Monday, February 2

सनातन प्रीमियर लीग 2026 के लिए ट्रायल्स की शुरुआत जयपुर से होने जा रही है।

सनातन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित सनातन प्रीमियर लीग 2026 (SPL 2026) के लिए देशभर के युवाओं को बड़ा मौका मिलने जा रहा है। इस लीग के लिए चयन प्रक्रिया की शुरुआत अब जयपुर से होने जा रही है, जहां फरवरी की शुरुआत में फ्री क्रिकेट ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।

जयपुर में होने वाला यह ट्रायल उन खिलाड़ियों के लिए खास मौका होगा, जो बड़े मंच पर खेलने का सपना देखते हैं, लेकिन अब तक सही अवसर का इंतजार कर रहे थे। इस आयोजन के जरिए युवाओं को न सिर्फ खुद को साबित करने का मंच मिलेगा, बल्कि आगे बढ़ने वाले राष्ट्रीय स्तर की लीग में खेलने की राह भी खुलेगी।

जयपुर में कब होंगे सनातन प्रीमियर लीग के ट्रायल, क्या होगी योग्यता

सनातन प्रीमियर लीग 2026 लीग की चयन प्रक्रिया का पहला चरण 4 और 5 फरवरी को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। यह ट्रायल पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, जिसमें 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।

आयोजकों के अनुसार, जयपुर ट्रायल से SPL 2026 की वह यात्रा शुरू होगी, जिसका समापन 12 से 15 मार्च तक इंदौर में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के टी10 टूर्नामेंट के साथ होगा।

7 सदस्यीय चयन समिति करेगी खिलाड़ियों की प्रतिभा का मूल्यांकन

जयपुर में होने वाले दो दिवसीय ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन 7 सदस्यीय चयन समिति करेगी। इस चयन समिति में अनुभवी क्रिकेटर, कोच और एक चीफ सेलेक्टर शामिल होंगे।

खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह उनके खेल कौशल, फिटनेस और मैदान पर दिखाए गए अनुशासन के आधार पर किया जाएगा। साथ ही, चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

युवाओं का हौसला बढ़ाने पहुंचेंगे पंडित देवकीनंदन ठाकुर

जयपुर में होने वाले इस पहले ट्रायल में विशेष रूप से पंडित देवकीनंदन ठाकुर उपस्थित रहेंगे। उनका उद्देश्य सिर्फ खिलाड़ियों को प्रेरित करना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संदेश देना है।

आयोजकों का कहना है कि देवकीनंदन ठाकुर युवाओं को यह समझाएंगे कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह जीवन मूल्यों, संस्कार और आत्मबल को मजबूत करने का माध्यम भी है।

चयन के बाद खिलाड़ियों को इंदौर में मिलेगा खेलने का मौका

जयपुर ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को राजस्थान राज्य पर आधारित महाराणा प्रताप रणबांकुरे टीम के स्पेशल ट्रेनिंग कैंप में बुलाया जाएगा। इस कैंप से छंटे खिलाड़ी मार्च 2026 में इंदौर में होने वाले सनातन प्रीमियर लीग सीजन 1 में हिस्सा लेंगे।

बता दें कि, SPL 2026 का आयोजन 12 से 15 मार्च तक इंदौर में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी 12 मार्च को होगी, जबकि 14 मार्च को विशेष अतिथि के रूप में द ग्रेट खली की मौजूदगी भी तय मानी जा रही है।

देश के 8 शहरों में होंगे ट्रायल, जयपुर होगा पहला पड़ाव

जयपुर के बाद SPL 2026 के लिए ट्रायल फरवरी में देश के अलग-अलग शहरों में आयोजित किए जाएंगे। जयपुर इस चयन प्रक्रिया का पहला केंद्र होगा। इसके बाद देहरादून, सूरत, दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, चेन्नई और इंदौर में भी ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। हर शहर का ट्रायल एक निर्धारित टीम से जुड़ा होगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

राजस्थान की महाराणा प्रताप रणबांकुरे टीम के बाद उत्तराखंड के चंद्रशेखर आजाद थंडर्स के ट्रायल 6 और 7 फरवरी को देहरादून में होंगे। इसके बाद गुजरात के सरदार वल्लभभाई पटेल लायंस के लिए सूरत में 8 और 9 फरवरी को चयन प्रक्रिया होगी।

इसके अलावा, दिल्ली के इंद्रप्रस्थ किंग्स के ट्रायल 10 और 11 फरवरी को नोएडा में होंगे, जबकि महाराष्ट्र के छत्रपति शिवाजी वॉरियर्स के लिए 12 और 13 फरवरी को मुंबई में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश के रानी लक्ष्मीबाई स्ट्राइकर्स के ट्रायल 14 और 15 फरवरी को लखनऊ में होंगे, जबकि द्रविड़ चोल रॉकर्स साउथ के लिए 15 और 16 फरवरी को चेन्नई में ट्रायल रखे गए हैं। अंतिम चरण में मध्य प्रदेश की अहिल्या माता गार्जियंस टीम के ट्रायल 18 और 19 फरवरी को इंदौर में आयोजित किए जाएंगे।

T10 फॉर्मेट, 8 टीमें और 15 मुकाबले

सनातन प्रीमियर लीग 2026 को T10 फॉर्मेट में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 8 टीमें भाग लेंगी। लीग में कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें ग्रुप स्टेज, सेमीफाइनल और फाइनल शामिल होंगे। सभी मैच डे नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को रोमांचक अनुभव मिल सके।

रिकॉर्ड प्राइज मनी और आकर्षक पुरस्कार

SPL 2026 में खिलाड़ियों के लिए प्राइज मनी और पुरस्कार भी बेहद आकर्षक रखे गए हैं। विजेता टीम को 31 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये दिए जाएंगे।

इसके अलावा, मैन ऑफ द सीरीज को कार, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विजेताओं को बाइक, हर मैच के मैन ऑफ द मैच को 21,000 रुपये नकद और हर खिलाड़ी को 11,000 रुपये की राशि मिलेगी।

क्रिकेट के जरिए समाज सेवा की अनूठी पहल

सनातन प्रीमियर लीग सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा से जुड़ी एक बड़ी पहल भी है। आयोजकों के अनुसार, लीग से होने वाली आय का उपयोग प्राकृतिक आपदाओं में राहत, गरीब बच्चों की शिक्षा, आर्थिक रूप से कमजोर बेटियों के विवाह और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों की मदद में किया जाएगा। खास बात यह है कि टूर्नामेंट के दौरान बनाए गए हर रन पर 500 रुपये समाज सेवा के कार्यों में लगाए जाएंगे।

युवाओं के लिए खुलेंगे नए रास्ते

आयोजकों का मानना है कि SPL 2026 युवाओं को सिर्फ क्रिकेट का मंच ही नहीं देगा, बल्कि उन्हें मानसिक, नैतिक और सामाजिक रूप से भी मजबूत बनाएगा।

जयपुर से शुरू होने वाला यह फ्री ट्रायल उन हजारों युवाओं के लिए उम्मीद की किरण है, जो बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सपना देखते हैं।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version