INDW vs SAW Test 2024: Shafali Verma Double Century
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ चेन्नई में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस मैच में 197 गेंदों पर 23 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 205 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। यह भी बता दें कि, वीमेंस टेस्ट क्रिकेट में 22 सालों बाद किसी भारतीय बल्लेबाज ने दोहरा शतक जड़ा है।

चेन्नई में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में मेजबान भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन 90 ओवरों का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट खोकर 458 रन बना लिए हैं। भारत को इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाने में शेफाली वर्मा (205) और स्मृति मंधाना (149) का सबसे बड़ा योगदान रहा।
वीमेंस टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाली दूसरी भारतीय बल्लेबाज बनीं शेफाली वर्मा

शेफाली वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 197 गेंदों पर 205 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली है। अब वह वीमेंस टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाली दूसरी भारतीय बल्लेबाज बन चुकी हैं। उनसे पहले सिर्फ पूर्व दिग्गज भारतीय बल्लेबाज मिताली राज ने ही यह कारनामा किया था। मिताली ने 22 साल पहले इंग्लैंड के खिलाफ टांटन में 407 गेंदों पर 214 रनों की पारी खेली थी, जो ड्रॉ भी हुआ था।
वीमेंस टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने वाली बल्लेबाज बनीं शेफाली वर्मा

20 वर्षीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने इस मुकाबले में वीमेंस टेस्ट क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ा है। उन्होंने इस मैच में 194 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया। इस फॉर्मेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने के मामले में उन्होंने इंग्लैंड की एनाबेल सदरलैंड का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने भी दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ इसी साल की शुरुआत में 248 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ा है।
वीमेंस टेस्ट क्रिकेट में दो बड़े रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गई शेफाली:
शेफाली वर्मा ने इस मुकाबले में 205 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जो वीमेंस टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सातवीं सबसे बड़ी पारी है। लेकिन वह वीमेंस टेस्ट क्रिकेट में दो बड़े रिकॉर्ड बनाने से चूक गई। यदि शेफाली इस मैच में मात्र 10 रन और बना देतीं, तो वह भारत की ओर से वीमेंस टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बल्लेबाज बन जातीं।
इसके अलावा, यदि शेफाली वर्मा इस मैच में 38 रन और बना देतीं तो, पाकिस्तान के किरण बलूच द्वारा बनाए गए 20 सालों पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ देतीं। बलूच ने 2004 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 242 रनों की पारी खेली थी, जो वीमेंस टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी पारी है।







