टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला इंडिया और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को खेला जाना है। इस मैच के लिए दोनों टीमें पूरी तरह से तैयार नजर आ रही हैं। हालाँकि उस दिन जो ज्यादा अच्छे से दबाव को हैंडल करेगा, वही मैच भी जीतेगा।
इंडिया और पाकिस्तान के बीच मैच श्रीलंका के कोलोंबो में आर प्रेमदासा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाना है। कोलोंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम अपने लो और स्लो ट्रैक के लिए जाना जाता है। यहाँ पर बहुत हाई स्कोरिंग मैच नहीं होते हैं। तो चलिए जानते हैं कि इस ग्राउंड पर टीम इंडिया ने सबसे लो टोटल कौन से डिफेंड किए हैं।
कोलंबो में भारत द्वारा T20I क्रिकेट में डिफेंड किए गए टॉप 5 सबसे कम टोटल

152/6 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2012
टीम इंडिया ने कोलोंबो में सबसे कम स्कोर का बचाव साल 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ किया था। एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 152 रन लगाए थे।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी रही और उन्होंने पावरप्ले में डिसेंट स्कोर भी बनाया, लेकिन उसके बाद धोनी ने स्पिन गेंदबाजी का जाल बिछाया और लगातार अफ्रीकी बल्लेबाजों के विकेट आते रहे। हालाँकि आखिरी में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और स्कोर के बिल्कुल पास पहुँच गए थे, लेकिन टीम इंडिया 1 रन से मैच जीतने में सफल हो गई।
159/5 बनाम अफगानिस्तान, 2012
टीम इंडिया ने साल 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ भी टोटल डिफेंड करते हुए जीत हासिल की थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे और अफगानिस्तान की टीम बुरी तरह से इस मैच में हार गई थी। अफगान टीम सिर्फ 136 रनों पर ऑलआउट हो गई थी और 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
164/5 बनाम श्रीलंका, 2021
भारतीय टीम ने साल 2021 में कोविड के दौरान श्रीलंका का दौरा किया था। इस टूर में पहले टी20 मैच में इंडिया ने पहले खेलते हुए सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक और धवन के 46 रनों की बदौलत 164 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप हो गई थी और वो मात्र 126 रनों पर ढेर हो गई थी और भारतीय टीम ने आसानी से यह मैच 38 रनों से अपने नाम कर लिया था।
170/4 बनाम इंग्लैंड, 2012
टीम इंडिया ने साल 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में जीत हासिल की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने रोहित शर्मा के अर्धशतक और विराट कोहली के 40 रनों की बदौलत 170 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लिश टीम भारत के स्पिनरों के सामने हथियार डाल दिए और मात्र 80 रनों पर ऑलआउट हो गई और भारतीय टीम ने 90 रनों से यह मैच जीत लिया।
176/3 बनाम बांग्लादेश, 2018
टीम इंडिया ने साल 2018 में निदास ट्रॉफी में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा के 89 और सुरेश रैना के तेज-तर्रार 47 रनों की बदौलत 176 रन बनाए थे। बांग्लादेश ने भी मुश्फिकुर रहीम के अर्धशतक के चलते अच्छा फाइटबैक दिया, लेकिन वो सिर्फ 159 रन ही बोर्ड पर लगा सके और 17 रनों से मुकाबला हार गए।







