Bowling coach Bangladesh: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान और यूएई दौरे से पहले एक बड़ा फैसला लिया है। टीम ने अपनी गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज़ गेंदबाज शॉन टेट को नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। टेट की नियुक्ति 2027 तक के लिए की गई है। उनका पहला कार्यकाल पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज़ से शुरू होगा।
टेट का पहला असाइनमेंट, पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज़

बांग्लादेश की टीम 25 मई से पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज़ खेलेगी। इस दौरे पर टेट बतौर कोच टीम के साथ होंगे। इससे पहले टेट पाकिस्तान, अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज जैसी इंटरनेशनल टीमों के साथ कोचिंग अनुभव हासिल कर चुके हैं। अब वह बांग्लादेश की युवा गेंदबाजी यूनिट को नई धार देने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
कोच बनने पर टेट की पहली प्रतिक्रिया
नियुक्ति के बाद शॉन टेट ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, अभी बांग्लादेश क्रिकेट से जुड़ने का बेहतरीन समय है। अगर चाहें तो इसे एक नई शुरुआत कहा जा सकता है। इंटरनेशनल क्रिकेट में हर खिलाड़ी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होती है और मेरा पूरा फोकस तेज गेंदबाजों पर होगा।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज का शानदार करियर
शॉन टेट का अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही लंबा न रहा हो, लेकिन उनकी रफ्तार और आक्रामकता ने उन्हें खास बनाया। उन्होंने 3 टेस्ट मैचों में 5 विकेट, 35 वनडे में 62 विकेट और 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 28 विकेट चटकाए हैं।
वह 2007 की वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा भी रहे हैं, जहां उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से कई अहम मौकों पर टीम को बढ़त दिलाई।
शादी से जुड़ा भारत से खास रिश्ता
शॉन टेट सिर्फ एक विदेशी कोच नहीं हैं, वो भारत के दामाद भी हैं। उन्होंने भारतीय मॉडल माशूम सिंघा से शादी की है। IPL 2010 के दौरान दोनों की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी और यहीं से उनकी लव स्टोरी की शुरुआत हुई। चार साल के रिश्ते के बाद दोनों ने शादी कर ली। माशूम साल 2005 में किंगफिशर कैलेंडर की मॉडल रह चुकी हैं और उस वक्त खूब चर्चा में आई थीं।
क्या बांग्लादेश को मिलेगा टेट का फायदा?
बांग्लादेश की टीम इस वक्त बदलाव के दौर से गुजर रही है और टीम का लक्ष्य युवा खिलाड़ियों को तैयार करना है। ऐसे में शॉन टेट का अनुभव और तेज गेंदबाजी की समझ टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। पाकिस्तान जैसी चुनौतीपूर्ण टीम के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज़ में यह देखना दिलचस्प होगा कि टेट की कोचिंग में गेंदबाज कैसा प्रदर्शन करते हैं।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

