SL vs AUS: उस्मान ख्वाजा के दोहरा शतक और स्टीव स्मिथ एवं Josh Inglis की शतकीय पारियों की बदौलत गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। दूसरे दिन का दूसरा सेशन समाप्त होने तक (टी ब्रेक तक) ऑस्ट्रेलिया ने 143 ओवरों में 600/5 का स्कोर बना लिया है।
ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और मेजबान श्रीलंका को पहले गेंदबाजी के लिए आमंत्रित किया। बल्लेबाजों के लिए मददगार इस पिच पर मेहमान टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ का फैसला सही भी साबित हुआ।
इस मुकाबले में सैम कोंसटास को प्लेइंग XI से बाहर रखा गया था, जिसके लिए कई लोगों ने कप्तान की आलोचना भी की थी। हालाँकि, उनकी जगह पर ट्रेविस हेड को उस्मान ख्वाजा के साथ पारी की शुरूआत करने का मौका मिला और उन्होंने तेजतर्रार अर्धशतक भी लगाया।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने 40 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्के की मदद से 57 रनों का योगदान दिया। कप्तान स्टीव स्मिथ ने भी 251 गेंदों में 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 141 रनों की शानदार पारी खेली।
उनके अलावा, अनुभवी सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने इस मुकाबले में 232 रनों की जबरदस्त पारी खेली, जो उनके टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक भी रहा। उन्होंने 352 गेंदों का सामना करते हुए 16 चौके और 1 छक्का लगाया।
SL vs AUS: Josh Inglis ने डेब्यू टेस्ट मैच में लगाया तूफानी शतक

ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने भी शानदार बल्लेबाजी की और मात्र 91 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने सिर्फ 94 गेंदों में 10 चौका और 1 छक्का लगाकर 102 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।
श्रीलंकाई गेंदबाजों की हालत खराब
श्रीलंकाई गेंदबाजों को ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के सामने संघर्ष करना पड़ा। स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, लेकिन 59 ओवरों में 192 रन लुटा दिए। वहीं, स्पिनर जेफ्री वांडर्से ने 32 ओवर में 158 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके अलावा, असिथा फर्नांडो और निशान पेरिस कोई विकेट नहीं ले सके।
ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और खबर लिखे जाने तक 4.19 के रन रेट से रन बना चुका है। श्रीलंका को वापसी के लिए जल्द ही ऑस्ट्रेलियाई पारी को समेटना होगा, वरना इस मुकाबले में कंगारू टीम पूरी तरह से हावी हो सकती है।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







