SL vs IND 1st ODI: India Probable Playing XI
SL vs IND 1st ODI: श्रीलंका दौरे पर पल्लेकेले में खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इसके बाद, अब वह कोलम्बो के आर० प्रेमदासा स्टेडियम में 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलने के लिए तैयार हैं। इस सीरीज में कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी हुई है। इतना ही नहीं, ऋषभ पंत भी लंबे समय बाद वनडे टीम का हिस्सा बने हैं।
बता दें कि, ऋषभ पंत लगभग दो साल से वनडे क्रिकेट नहीं खेल सके हैं। दिसम्बर 2022 में कार दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उन्होंने आईपीएल 2024 में वापसी की थी और फिर वह टी 20 वर्ल्ड कप में भी चैम्पियन भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके बाद, वह जिम्बाब्वे सीरीज पर आराम फरमा रहे थे और श्रीलंका टी20 सीरीज में खेलते हुए दिखे। हालाँकि, अब वह वनडे क्रिकेट में भी वापसी करने के लिए तैयार हैं।
पहले वनडे की प्लेइंग XI से बाहर हो सकते हैं ऋषभ पंत

भारतीय वनडे टीम में विकेटकीपर के रूप में ऋषभ पंत और केएल राहुल को जगह दी गई है। टी20 क्रिकेट में स्ट्राइक रेट के चलते राहुल लंबे समय से भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं बन सके हैं, जबकि वनडे क्रिकेट में उनके आंकड़े बेहद शानदार हैं। दूसरी ओर, ऋषभ पंत लगभग दो साल से वनडे क्रिकेट नहीं खेल सके हैं। ऐसे में उनकी मैच फिटनेस कितनी अच्छी है, इस पर भारतीय टीम मैनेजमेंट जरूर ध्यान देगी।
दूसरी ओर, केएल राहुल लंबे समय से वनडे क्रिकेट में फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने एशिया कप 2023 के बाद से इस फॉर्मेट में कभी पीछे मुडकर नहीं देखा है। ऐसी स्थिति में वह बतौर विकेटकीपर बल्लेवाज भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के प्रबल दावेदार हैं।
रियान पराग कर सकते हैं वनडे डेब्यू

भारत के युवा आलराउंडर रियान पराग को श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। इसको देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी और बीच के ओवरों में गेंदबाजी करते हुए नजर आएँगे। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टी20 सीरीज में जिस तरह से उन पर भरोसा जताया है, उसको देखकर यही लगता है कि वह रियान को पंत की जगह प्लेइंग इलेवन में मौका देंगे।
रियान पराग के पास मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने का अच्छा अनुभव है। वह घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार ऐसा करते नजर आए हैं।इसके अलावा, श्रीलंका टी20 सीरीज में भी वह सबको प्रभावित करने में कामयाब रहे। इसीलिए, बहुत हद तक ऐसा संभव है कि वह प्लेइंग इलेवन में जगह बना सकते हैं।
पहले वनडे में ऐसी हो सकती है भारत की संभावित प्लेइंग XI | SL vs IND 1st ODI: India Probable Playing XI

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रियान पराग, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुन्दर, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।







