क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने इस साल होने वाले आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट 30 सितंबर से 2 नवंबर तक भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका की टीम अब तक इस खिताब को एक बार भी नहीं जीत पाई है और इस बार वह इसे जीतने के इरादे से उतरेगी।
यही नहीं, साउथ अफ्रीका की टीम वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान के दौरे पर जाएगी, जहां उन्हें वनडे सीरीज खेलनी है। ओडीआई मैचों की शुरुआत 16 सितंबर से होगी और 22 को लाहौर में आखिरी मैच खेला जाएगा। वर्ल्ड कप और पाकिस्तान दौरे के लिए एक ही टीम चुनी गई है।
लौरा वुल्वार्ड्ट संभालेंगी वर्ल्ड कप में अफ्रीका की कमान

साउथ अफ्रीका की कमान लौरा वुल्वार्ड्ट संभाल रही होंगी। उनकी कप्तानी में टीम पिछले साल हुए महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची थी, जहां न्यूजीलैंड के हाथों हारकर खिताब जीतने का सपना टूट गया था। उन्होंने उस टूर्नामेंट में टीम का नेतृत्व बहुत ही शानदार ढंग से किया था और इस बार भी उनसे यही उम्मीद है। वह टीम की कप्तान होने के साथ-साथ सीनियर खिलाड़ी भी हैं, इसलिए उनके कंधों पर टीम की बल्लेबाजी संभालने का भी भार रहेगा।
दक्षिण अफ्रीका की टीम में अनुभवी खिलाड़ी क्लो ट्रायोन, मारिज़ाने काप, अयाबोंगा खाका और सुने लुस जैसे वरिष्ठ क्रिकेटर शामिल हैं। वहीं, आक्रामक बल्लेबाज ताजमिन ब्रिट्स के साथ-साथ ऑलराउंडर नादिन डी क्लार्क, एनेके बॉश, एनेरी डर्कसन और नोंडुमिसो शंगासे को टीम में जगह दी गई है। सिनालो जाफ्ता और कराबो मेसो विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगी।
17 वर्षीय कराबो मेसो को दी गई जगह
साउथ अफ्रीका ने अपने 15 सदस्यीय दल में एक 17 वर्षीय खिलाड़ी को भी जगह दी है। उन्होंने कराबो मेसो को वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया है। वह पहली बार सीनियर लेवल पर टीम का प्रतिनिधित्व करती हुई दिखेंगी। इससे पहले वह अंडर-19 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले चुकी हैं। वह 2023 और 2025 के अंडर-19 विश्व कप खेल चुकी हैं। उनकी टैलेंट की चर्चा लगातार हो रही है, जिसके चलते उन्हें इतनी कम उम्र में वर्ल्ड कप जैसे बड़े इवेंट में टीम में शामिल किया गया है।
वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी की कमान बाएं हाथ की स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा के पास रहेगी, जबकि मसाबाता क्लास और तुमी सेखुखुने तेज गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाएंगे। यही नहीं, एक बार फिर से मारिज़ाने काप को बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी अहम योगदान निभाना होगा ताकि टीम अच्छा प्रदर्शन कर सके। जबकि युवा ऑलराउंडर मियां स्मिट को ट्रैवलिंग रिज़र्व के तौर पर शामिल किया गया है।
3 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ करेगी अभियान की शुरुआत
साउथ अफ्रीका वर्ल्ड कप 2025 में अपने अभियान की शुरुआत 3 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ गुवाहाटी से करेगी। इसके बाद उनका सामना न्यूजीलैंड, फिर मेज़बान भारत और बांग्लादेश से होगा। लीग चरण में उनका आखिरी मुकाबला 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से खेला जाना है।
कब हैं मुकाबले?
3 अक्टूबर – साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड (बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी)
6 अक्टूबर – साउथ अफ्रीका बनाम न्यूज़ीलैंड (होलकर क्रिकेट स्टेडियम, इंदौर)
9 अक्टूबर – साउथ अफ्रीका बनाम भारत (एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापत्तनम)
13 अक्टूबर – साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश (एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापत्तनम)
17 अक्टूबर – साउथ अफ्रीका बनाम श्रीलंका (आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो)
21 अक्टूबर – साउथ अफ्रीका बनाम पाकिस्तान (आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो)
25 अक्टूबर – साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया (होलकर क्रिकेट स्टेडियम, इंदौर)
वर्ल्ड कप 2025 के लिए साउथ अफ्रीका की टीम
लौरा वुल्वार्ड्ट (कप्तान), एनेके बॉश, तजमिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसन, सिनालो जाफ्ता, मरीजाने कैप, आयाबोंगा खाका, मसाबाटा क्लास, सुने लूस, कराबो मेसो, नोंकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, नोंडुमिसो शांगासे और क्लोए ट्रायन
ट्रैवलिंग रिजर्व: मियाने स्मिट







