एशिया कप की शुरुआत 9 सितंबर से होनी है। उसके पहले सभी टीमें तैयारी में लगी हुई हैं। इसी बीच श्रीलंका की टीम ज़िम्बाब्वे का दौरा कर रही है, जहाँ दोनों टीमों के बीच व्हाइट बॉल की सीरीज खेली जानी है, जिसमें 2 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस दौरे में होने वाली टी20 सीरीज के लिए 6 बार की एशिया कप चैंपियन ने अपने दल का ऐलान कर दिया है। तो चलिए जानते हैं कि किन खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है।
चरिथ असलंका संभालेंगे ज़िम्बाब्वे दौरे में कप्तानी

चरिथ असलंका ज़िम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में श्रीलंका की कप्तानी करेंगे। उनकी कप्तानी में श्रीलंकाई टीम 9 सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप में भी खेलेगी। लेकिन उन्होंने अभी तक उस टूर्नामेंट के लिए टीम की घोषणा नहीं की है। हालांकि, उम्मीद है कि एशिया कप के लिए टीम का चयन इन्हीं 17 सदस्यीय टीम में से किया जाएगा।
चरिथ असलंका ने जब से श्रीलंका की टीम की कमान संभाली है, तब से प्रदर्शन में काफी सुधार देखने को मिल रहा है। उनकी कप्तानी में ही टीम ने इंडिया को वनडे सीरीज में हराया था और अन्य मैचों में भी दमदार प्रदर्शन किया है। वह एशिया कप में भी अपनी टीम से बेहतरीन प्रदर्शन करवाते हुए इस खिताब को 7वीं बार जीतना चाहेंगे।
मथिशा पथिराना की हुई टीम में वापसी
तेज गेंदबाज मथिशा पथिराना की भी टी20 टीम में वापसी हुई है। उन्हें ज़िम्बाब्वे के खिलाफ दो मैचों की वनडे सीरीज के लिए नज़रअंदाज़ किया गया था, लेकिन एशिया कप को देखते हुए ही उन्हें जगह दी गई है ताकि वह लय में आ सकें और इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दिलाने में अपना योगदान दे सकें।
पथिराना अगर इस दौरे में अपनी फॉर्म पकड़ लेते हैं तो उन्हें खेलना दुनियाभर के बल्लेबाज़ों को कठिन हो सकता है, क्योंकि उनका एक्शन अन्य गेंदबाजों की तुलना में अलग है, जिससे उन्हें पिक करना मुश्किल होता है।
वनिंदु हसरंगा चोट के चलते हुए बाहर
श्रीलंका के स्पिन गेंदबाज वनिंदु हसरंगा चोट के चलते ज़िम्बाब्वे दौरे में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हालांकि, वह एशिया कप तक फिट होंगे या नहीं, इसके बारे में जानकारी नहीं है। अगर वह समय पर फिट नहीं होते हैं, तो उस मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनका चोटिल होना टीम के लिए बहुत बड़ा झटका है, क्योंकि वह उनके मुख्य स्पिन गेंदबाज होने के साथ-साथ विकेट लेने वाले सबसे कारगर हथियार हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के ज़्यादातर खिलाड़ियों को खेलने का अच्छा-खासा अनुभव है। इस टीम में पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, कामिंदु मेंडिस और दासुन शनाका जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने पिछले कुछ समय में सीमित ओवरों के प्रारूप में काफ़ी अच्छा प्रदर्शन किया है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए श्रीलंका का स्क्वॉड
चरिथ असलांका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, नुवानिदु फर्नांडो, कामिंडु मेंडिस, कामिल मिशारा, विशेन हलंबगे, दासुन शनाका, दुनिथ वेलालागे, चमिका करुणारत्ने, महीश तीक्षाना, दुशान हेमंथा, दुष्मंता चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना।

