अर्शदीप सिंह और शाहीन अफरीदी काफ़ी शानदार तेज़ गेंदबाज़ हैं। दोनों ही लेफ्ट आर्म फ़ास्ट बॉलर हैं, जो नई बॉल से अपनी इनस्विंग से बल्लेबाज़ों को परेशान करते हैं और आख़िरी ओवरों में यॉर्कर और स्लोअर बॉल से बल्लेबाज़ों को रन नहीं बनाने देते हैं।
अर्शदीप और शाहीन न सिर्फ़ नई गेंद से अपनी स्विंग और सटीक लाइन और लेंथ की मदद से बल्लेबाज़ों को परेशान करते हैं, बल्कि अपनी हाइट की वजह से एक्स्ट्रा बाउंस भी जेनरेट करते हैं, जिसके चलते बल्लेबाज़ों को बड़े शॉट्स खेलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
दोनों कुछ टी20 वर्ल्ड कप भी खेल चुके हैं और उसमें अच्छा प्रदर्शन भी किया है। लेकिन दोनों में से इस टूर्नामेंट में किस खिलाड़ी का इम्पैक्ट ज़्यादा रहा है, तो चलिए जानते हैं कि शाहीन और अर्शदीप में से किस खिलाड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप में ज़्यादा विकेट लिए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभा चुके हैं अर्शदीप

अर्शदीप सिंह साल 2022 से टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। नई गेंद से विकेट चटकाना हो या फिर पुरानी गेंद से वाइड यॉर्कर डालकर रनों पर लगाम लगाते हुए विकेट लेना हो, वे सब में माहिर हैं। अर्श अपने लेफ्ट-आर्म एंगल का बख़ूबी इस्तेमाल करते हैं, जिसका फ़ायदा विकेट कॉलम में भी देखने को मिलता है।
शानदार रहा है अर्शदीप का प्रदर्शन
अर्शदीप सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप में 14 मैच खेले हैं, जिसमें 13.74 की औसत, 11.11 की स्ट्राइक रेट तथा 7.42 की इकॉनमी से 27 विकेट झटके हैं। इस दौरान एक 4-फ़र लेने के साथ उनका बेस्ट प्रदर्शन 9 रन देकर 4 विकेट रहा है।
इंडिया के खिलाफ 3 विकेट लेना है उनके करियर की हाईलाइट
पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ शाहीन अफरीदी ने साल 2021 में टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू किया था। उसी साल उन्होंने इंडिया के खिलाफ शानदार गेंदबाज़ी करते हुए मैच जितने में मदद की थी, लेकिन सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैथ्यू वेड से लगातार 3 छक्के खाकर टीम को बाहर करवाने में अहम भूमिका निभाई थी।
शाहीन का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप में कुछ ख़ास नहीं है। पहले ओवर में अगर उन्हें विकेट मिलती है तो उनका प्रदर्शन कुछ दूसरा रहता है, वरना वे ज़्यादातर विकेट नहीं ले पाते हैं। उनका इंडिया और सेना कंट्रीज़ के खिलाफ रिकॉर्ड ज़्यादा अच्छा नहीं है, जबकि बाकी देशों के खिलाफ उनका प्रदर्शन शानदार है।
ऐसा है शाहीन का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन
अफरीदी ने टी20 वर्ल्ड कप में 17 मैच खेले हैं, जिसमें 18.65 की औसत, 17.00 की स्ट्राइक रेट तथा 6.58 की इकॉनमी से 23 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने एक 4 विकेट हॉल लिया है, जिसमें 22 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है।
टी20 वर्ल्ड कप में अर्शदीप का प्रदर्शन शाहीन से है काफ़ी बेहतर
शाहीन और अर्शदीप ने लगभग एक साथ ही टी20 वर्ल्ड कप खेलना शुरू किया था। लेकिन अर्श अपने काउंटरपार्ट से काफ़ी आगे हैं। भारत के लेफ्ट-आर्म सीमअर ने अफरीदी से कम मैच खेले हैं और उनसे ज़्यादा विकेट लिए हैं। यही नहीं, बड़े मैचों में उन्होंने काफ़ी शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके चलते भारतीय टीम ट्रॉफी जीतने में सफल हुई है।
दूसरी तरफ शाहीन ने बाकी टीमों के खिलाफ तो अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बड़े मैचों में उनका प्रदर्शन ज़्यादा ख़ास नहीं है। यही कारण है कि पाकिस्तान की टीम ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हुई है।







