विशेषज्ञों के मुताबिक भारत को हराने के लिए वेस्टइंडीज को अपनी बल्लेबाजी ताकत का और आक्रामक इस्तेमाल करना चाहिए था।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में हार के बाद वेस्टइंडीज की रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसी (Faf du Plessis) और भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले (Anil Kumble) ने माना कि कैरेबियाई टीम ने अपनी सबसे बड़ी ताकत यानी बल्लेबाजी का पूरा फायदा नहीं उठाया।
दोनों विशेषज्ञों का कहना है कि भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए सिर्फ अच्छा खेलना काफी नहीं होता, बल्कि अतिरिक्त जोखिम लेकर मैच को विपक्ष से दूर ले जाना पड़ता है।
पॉवरप्ले में दिखी कमी
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए, जो एक अच्छा स्कोर था, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक यह मैच जिताने वाला स्कोर नहीं था। पॉवरप्ले में टीम बिना एक भी विकेट खोए सिर्फ 45 रन जी बनाए, जबकि बाद के ओवरों में रन तेजी से आए।
फाफ डु प्लेसी ने कहा, “जब हम वेस्टइंडीज को देखते हैं तो उनकी गेंदबाजी को लेकर थोड़ी कमी की बात होती है, खासकर भारत जैसी टीम से तुलना करने पर। ऐसे में अगर आपकी ताकत बल्लेबाजी है तो आपको विपक्ष से ज्यादा रन बनाकर मैच पर नियंत्रण करना होगा। जब आपके पास मौका हो तो स्कोर को और ऊपर ले जाना जरूरी है। अगर आप वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं या भारत जैसी टीम को हराना चाहते हैं तो आपको 220 से 230 रन तक पहुंचना होगा ताकि गेंदबाजों पर दबाव बने। सिर्फ अच्छा स्कोर बनाना काफी नहीं है, क्योंकि तब मुकाबला हमेशा करीबी रहेगा। आज उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन भारत को हराने के लिए छोटे-छोटे पलों को बेहतर तरीके से जीतना जरूरी था।”
शाई होप की धीमी पारी बनी चर्चा का विषय
कप्तान शाई होप (Shai Hope) ने 33 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिससे टीम की शुरुआत धीमी रही। वहीं रोस्टन चेज (Roston Chase) तेज खेल रहे थे, लेकिन स्ट्राइक रोटेशन और गति की कमी ने स्कोर को शुरुआती ओवरों में सीमित रखा।
डु प्लेसी ने यह भी कहा कि, “वेस्टइंडीज टीम ने अच्छा खेला, लेकिन भारत को हराने के लिए थोड़ी और आक्रामकता जरूरी थी।”
विकेट बचाकर खेलने की रणनीति पर सवाल
अनिल कुंबले ने भी माना कि टी20 में पहले बल्लेबाजी करते समय विकेट बचाकर खेलना हमेशा सही रणनीति नहीं होती, खासकर तब जब टीम के पास गहरी बल्लेबाजी हो।
अनिल कुंबले ने कहा, “मैं हमेशा मानता हूं कि टी20 में पहले बल्लेबाजी करते समय आपको अपने संसाधनों का पूरा इस्तेमाल करना चाहिए, चाहे आपकी बल्लेबाजी कितनी भी मजबूत क्यों न हो। 195 पर 4 विकेट खोने से बेहतर होता कि टीम 196 रन बनाकर 8 या 9 विकेट खो देती, लेकिन स्कोर बड़ा होता। पॉवरप्ले के बाद आपके पास सभी 10 विकेट थे और ड्रेसिंग रूम में बड़े हिटर मौजूद थे, इसलिए आपको और आक्रामक खेलना चाहिए था, भले ही कुछ विकेट गिर जाते।”
भारत के गेंदबाजों पर दबाव नहीं बना सकी वेस्टइंडीज
विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि वेस्टइंडीज भारत को छठे गेंदबाज का इस्तेमाल करने पर मजबूर नहीं कर सकी, जो भारतीय टीम की संभावित कमजोरी मानी जा रही थी।
फाफ डु प्लेसी ने कहा कि शिमरॉन हेटमायर (Shimron Hetmyer) जैसे बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज जल्दी आते तो अक्षर पटेल (Axar Patel) पर दबाव बन सकता था। लेकिन दाएं हाथ के बल्लेबाजों के कारण अक्षर आसानी से गेंदबाजी करते रहे।
अहम विकेट ने बदल दिया मैच का रुख
अनिल कुंबले के अनुसार ड्रिंक्स ब्रेक के बाद हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) द्वारा शेरफेन रदरफोर्ड (Sherfane Rutherford) का विकेट लेना निर्णायक साबित हुआ।
कुंबले ने कहा, “ड्रिंक्स ब्रेक के बाद हार्दिक ने रदरफोर्ड को आउट किया और वह बड़ा मोड़ साबित हुआ। अगर वह टिके रहते तो वेस्टइंडीज अंतिम ओवरों में पूरी ताकत से हमला कर सकती थी और स्कोर काफी बड़ा हो सकता था।”
प्रमुख गेंदबाजों के महंगे साबित होने के बावजूद नहीं फायदा उठा सकी वेस्टइंडीज
भारत के दो प्रमुख गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakaravarthy) ने इस मैच में काफी रन दिए। इसके बावजूद वेस्टइंडीज के बल्लेबाज इसका पूरा फायदा नहीं उठा सके।
विशेषज्ञों के अनुसार ईडन गार्डन्स जैसे मैदान पर और संभावित ओस को देखते हुए वेस्टइंडीज को सामान्य स्कोर से आगे जाने की कोशिश करनी चाहिए थी।
डु प्लेसी ने कहा, “जब परिस्थितियां बल्लेबाजी के अनुकूल हों और ओस की संभावना हो, तब सिर्फ बराबरी का स्कोर बनाना काफी नहीं होता। आपको और आगे जाने की कोशिश करनी चाहिए, भले ही इसके लिए कुछ विकेट गिराने का जोखिम उठाना पड़े।”
भारत के खिलाफ हार के बाद वेस्टइंडीज भले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई, लेकिन इस मैच ने दिखाया कि छोटी रणनीतिक गलतियां भी बड़े टूर्नामेंट में भारी पड़ सकती हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

