आईसीसी ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल के लिए अंपायरों और मैच ऑफिशियल्स की घोषणा कर दी है।
आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले के लिए मैच ऑफिशियल्स की घोषणा कर दी है। यह खिताबी मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा।
इस बड़े मुकाबले के लिए इंग्लैंड के दो अनुभवी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ (Richard Illingworth) और एलेक्स व्हार्फ (Alex Wharf) को ऑन फील्ड अंपायर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लगातार दूसरे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे इलिंगवर्थ
रिचर्ड इलिंगवर्थ के लिए यह लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप फाइनल होगा। इससे पहले वह 2024 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी अंपायरिंग कर चुके हैं।
इतना ही नहीं, हाल के वर्षों में उन्हें आईसीसी के कई बड़े मैचों में अंपायरिंग का मौका मिला है। वह 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भी अंपायर रह चुके हैं।
एलेक्स व्हार्फ के लिए होगा पहला वर्ल्ड कप फाइनल
एलेक्स व्हार्फ के लिए यह पहला मौका होगा जब वह किसी बड़े आईसीसी पुरुष वर्ल्ड कप फाइनल में ऑन फील्ड अंपायर की भूमिका निभाएंगे। व्हार्फ इससे पहले 2022 महिला वर्ल्ड कप और 2023 पुरुष वनडे वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर चुके हैं।
थर्ड और फोर्थ अंपायर की जिम्मेदारी भी तय
इस फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के अल्लाहुद्दीन पालेकर (Allahuddien Paleker) थर्ड अंपायर की भूमिका निभाएंगे, जबकि एड्रियन होल्डस्टॉक (Adrian Holdstock) को फोर्थ अंपायर बनाया गया है। इसके अलावा जिम्बाब्वे के एंडी पाइक्रॉफ्ट (Andy Pycroft) को मैच रेफरी नियुक्त किया गया है।
अहमदाबाद में होगा खिताबी मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताब के लिए आमने सामने होंगी।
भारत इस टूर्नामेंट का डिफेंडिंग चैंपियन है और एक बार फिर ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। वहीं, न्यूजीलैंड भी पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ इस मुकाबले में उतरने वाली है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

