भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल से पहले वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर घास देखकर मुकाबले को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले का क्रिकेट फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मैच से पहले पिच की पहली झलक ने चर्चा को और दिलचस्प बना दिया है।
आमतौर पर वानखेड़े की पिच को हाई स्कोरिंग माना जाता है। छोटी बाउंड्री, तेज आउटफील्ड और बल्लेबाजों के लिए मददगार परिस्थितियों की वजह से यहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। लेकिन इस बार सामने आई पिच की तस्वीर ने संकेत दिए हैं कि शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को भी मदद मिल सकती है।
घास वाली पिच ने बढ़ाई दिलचस्पी
वानखेड़े की पिच पर इस समय घास की अच्छी परत दिखाई दे रही है। ऐसी सतह नई गेंद से सीम मूवमेंट और हल्की स्विंग का संकेत देती है। इसके साथ ही समुद्र की ओर से आने वाली ठंडी हवा भी गेंदबाजों को मदद दे सकती है।
अगर पिच पर यह हरापन मैच तक बना रहता है तो शुरुआती चार से पांच ओवर मुकाबले की दिशा तय कर सकते हैं। ऐसे में बल्लेबाजों को शुरुआत में सावधानी से खेलना पड़ सकता है।
हालांकि, अगर मैच से पहले घास की परत पूरी तरह हटा दी जाती है और सतह सूखी रहती है तो फिर वानखेड़े की पहचान के मुताबिक बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो सकता है।
इसी मैदान पर USA के खिलाफ मुश्किल में फंसी थी टीम इंडिया
मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में इसी मैदान पर भारत को एक मैच के दौरान मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में नई गेंद से सीम मूवमेंट और उछाल ने भारतीय टॉप ऑर्डर को काफी परेशान किया था।
एक समय टीम इंडिया का स्कोर 12.4 ओवरों में मात्र 77 के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए थे। उस मैच में अगर कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने 49 गेंदों पर 84* रनों की नाबाद पारी नहीं खेली होती तो मुकाबले का नतीजा अलग भी हो सकता था।
बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच बराबरी की जंग
अगर सेमीफाइनल में भी पिच पर हल्की नमी और हरापन रहता है तो यह मुकाबला सिर्फ बल्लेबाजों का नहीं बल्कि गेंदबाजों का भी हो सकता है।
ऐसी स्थिति में बल्लेबाजों के लिए शुरुआत में बड़े शॉट खेलने के बजाय विकेट बचाकर खेलना ज्यादा जरूरी होगा। सही गेंद का इंतजार करते हुए रन बनाने की रणनीति बेहतर साबित हो सकती है।
मैच के दिन बदल सकती है पिच की तस्वीर
हालांकि यह भी संभव है कि मैच के दिन पिच की तस्वीर अलग नजर आए। वानखेड़े स्टेडियम की पहचान तेज आउटफील्ड और हाई स्कोरिंग मुकाबलों के लिए रही है, इसलिए क्यूरेटर आमतौर पर ऐसी सतह तैयार करते हैं जहां बल्लेबाजी भी आकर्षक दिखे।
सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में दर्शक भी बड़े स्कोर और रोमांचक मैच की उम्मीद करते हैं। इसलिए संभावना यही है कि मैच वाले दिन पिच थोड़ी सूखी और बल्लेबाजी के लिए बेहतर नजर आए।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैचों के आंकड़े
- कुल मैच: 7
- पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम की जीत: 4
- दूसरे बल्लेबाजी करने वाली टीम की जीत: 3
- सबसे बड़ा स्कोर: 254/6 – वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे
- सबसे छोटा स्कोर: 123/10 – नेपाल बनाम इटली
- पहली पारी का औसत स्कोर: 174
- दूसरी पारी का औसत स्कोर: 151
इन आंकड़ों से साफ है कि वानखेड़े में बल्लेबाजों को भी अच्छा फायदा मिलता है, लेकिन नई गेंद से गेंदबाज भी शुरुआती ओवरों में असर डाल सकते हैं। ऐसे में भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला सेमीफाइनल मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

