टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया ने अपनी स्क्वाड जारी कर दी थी। उन्होंने जब टीम का ऐलान किया था तो कठिन फैसला लेते हुए उपकप्तान शुभमन गिल को ड्रॉप कर दिया था। भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन है और उनकी नज़र एक बार फिर से अपने खिताब को बचाने पर होगी।
अब तक टी20 वर्ल्ड कप के 9 एडिशन खेले जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी टीम ने घर में हुए टूर्नामेंट में खिताब नहीं जीता है और न ही कोई टीम लगातार दो बार चैंपियन बनी है। इंडिया इस बार के टूर्नामेंट में इन सभी मिथ्यों को तोड़ना चाहेगी। भारतीय टीम अपने घर में होने वाले टूर्नामेंट में हॉट फेवरेट है। तो चलिए जानते हैं कि इस बार के टी20 वर्ल्ड कप के लिए किन खिलाड़ियों को स्क्वाड में जगह दी गई हैऔर उसमें किन खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा नजर रहने वाली हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया स्क्वाड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का कप्तान कौन हैं?
सूर्यकुमार यादव (कप्तान)
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव संभाल रहे होंगे। उनको 2024 में रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद से कप्तानी सौंपी गई थी उसके बाद से अब तक भारतीय टीम उनकी कप्तानी में कोई भी सीरीज नहीं हारी हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के Key प्लेयर्स
1. हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya)
टीम इंडिया के दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टी20 वर्ल्ड कप में भारत का ट्रम्प कार्ड साबित होने वाले हैं। भारतीय टीम ने पिछले दो सीज़न में जो दो आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं, उनमें उनका योगदान सबसे बड़ा है। वह गेंद और बल्ले दोनों के साथ मैच बदलने की क्षमता रखते हैं।
पिछली बार भी टी20 वर्ल्ड कप में जब टीम इंडिया मैच हार रही थी, तब उन्होंने पहले क्लासेन का विकेट लेकर मैच में वापसी कराई थी और उसके बाद मिलर को आउट करके मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। इस बार भी उन्हीं के ऊपर सबसे ज़्यादा जिम्मेदारी होगी, क्योंकि बड़े मैचों में वह हमेशा अच्छा परफॉर्म करते हैं।
2. जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah)
2024 टी20 वर्ल्ड कप के मैन ऑफ द टूर्नामेंट जसप्रीत बुमराह इस बार भी भारत के सबसे अहम खिलाड़ी होने वाले हैं। यह टूर्नामेंट इंडिया और श्रीलंका में खेला जाना है, जहाँ पर काफी सपाट विकेट मिलते हैं और ऐसे में उनकी गेंदबाज़ी ही अंतर पैदा कर सकती है।
पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाज़ी के दम पर टीम इंडिया को फाइनल जिताया था। इस बार भी वह टीम के सबसे अहम प्लेयर हैं। उनकी फॉर्म ही भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट में भविष्य तय करेगी।
3. अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma)
युवा बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने जब से टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया है, तब से ही वह बल्लेबाज़ी में टीम की रीढ़ की हड्डी बन गए हैं। वह जिस भी मैच में चलते हैं, उसे एकतरफा कर देते हैं। उनके ऊपर टीम काफी ज़्यादा निर्भर करती है और जिस दिन वह फ्लॉप होते हैं, टीम बदली-बदली सी लगती है। अभिषेक पावरप्ले में टीम को शानदार शुरुआत देते हैं, जिससे बड़ा स्कोर बन सकता है।
4. वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarty)
मिस्ट्री स्पिन गेंदबाज़ वरुण चक्रवर्ती इस बार टीम इंडिया के लिए ट्रम्प कार्ड साबित होने वाले हैं। यह उनका दूसरा टी20 वर्ल्ड कप है। पिछली बार उन्हें यूएई में हुए साल 2021 के टूर्नामेंट में चुना गया था, जहाँ उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ मौका मिला था, लेकिन न तो वह और न ही कोई अन्य गेंदबाज़ विकेट लेने में सफल हुआ था, जिसका सारा जिम्मा उनके ऊपर थोपकर उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था।
हालाँकि, उसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी की और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के चलते टीम में दोबारा जगह बनाई। चैंपियंस ट्रॉफी में उन्हें मौका दिया गया, जहाँ उन्होंने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए टीम को मैच जिताया था। इस समय वह जिस तरह की फॉर्म में हैं, उन्हें खेलना किसी के लिए आसान नहीं है और उनका चलना टीम के लिए बेहद अहम होने वाला है।







