इंडिया के खिलाफ मुकाबले से पहले नीदरलैंड्स ने की ख़ास तैयारी। नेट्स में लेफ्टी बल्लेबाज बुलाकर प्रैक्टिस कर बनाया प्लान।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप स्टेज अब धीरे-धीरे समाप्ति की ओर है। टीम इंडिया को अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलना है। डच टीम भले ही सुपर 8 से बाहर हो गई हो, लेकिन वह अभी भी अपनी पूरी मेहनत कर रही है ताकि वह और भी ज्यादा बेहतर हो सके।
हमेशा टीमों को इंडिया आकर खास तरीके से प्रैक्टिस करते हुए देखा है कि वे अश्विन जैसे एक्शन वाले खिलाड़ी को नेट्स में बुलाएं और तैयारी करें। हालांकि आज से पहले जब भी टीमें नेट्स में किसी प्लेयर को बुलाती हैं, तो वह गेंदबाज ही होता है, लेकिन नीदरलैंड्स की टीम सबसे अलग निकली है और उन्होंने नेट्स में बल्लेबाज को बुलाया है। तो चलिए जानते हैं कि कौन है यह खिलाड़ी और डच टीम ऐसा क्यों कर रही है।
नीदरलैंड्स ने इंडिया के खिलाफ बनाया खास प्लान

दरअसल, नीदरलैंड्स की टीम भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास कर रही थी। जब भी कोई टीम किसी स्टेडियम में अभ्यास करती है, तो वह उस ग्राउंड एसोसिएशन से नेट बॉलर्स और बल्लेबाजों की डिमांड करती है और उन्हें यह सब प्रोवाइड कराने का काम स्टेट एसोसिएशन का होता है।
प्रैक्टिस के लिए नीदरलैंड्स ने गुजरात एसोसिएशन से मांगा लेफ्टी बल्लेबाज
नीदरलैंड्स ने इंडिया को देखते हुए अपने प्लान बनाए हैं और उन्हें एग्जीक्यूट करने के लिए वह नेट्स में प्रैक्टिस करना चाहते थे। भारतीय टीम में लेफ्ट हैंडेड बल्लेबाजों की भरमार है। दरअसल, टीम इंडिया के पास टॉप 8 में 6 लेफ्टी हैं। और इसी के लिए वह प्लान बना रहे थे। लेकिन डच टीम में एक भी लेफ्टी बल्लेबाज नहीं है, जिसके चलते नीदरलैंड्स ने गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से लेफ्ट हैंडेड बल्लेबाज की मांग की।
भारत में इस समय घरेलू सीजन लगभग खत्म हो चुका है और सिर्फ रणजी का फाइनल मुकाबला ही बचा है। गुजरात की टीम पहले ही बाहर हो चुकी है, ऐसे में उनके सभी खिलाड़ी अपने-अपने घर चले गए हैं।
गुजरात रणजी कप्तान मनन हिंगारिया ने कराई नीदरलैंड्स को प्रैक्टिस
इतने कम समय में किसी खिलाड़ी को बुलाना बहुत मुश्किल था, लेकिन फिर गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने रणजी कप्तान मनन हिंगारिया को बुलाया, जो नरेंद्र मोदी स्टेडियम से कुछ किलोमीटर की दूरी पर रहते थे। आनन-फानन में उन्हें वहां कॉल करके बुलाया गया कि 2 घंटे के अंदर तुम्हें स्टेडियम आना है। उन्होंने अपनी प्रैक्टिस खत्म की और वह जल्दी से ग्राउंड पहुंचे। तब तक उन्हें कुछ भी नहीं पता था कि उन्हें क्यों बुलाया गया है।
मनन जब ग्राउंड पहुंचे, तो उन्हें जल्दी से पैड अप होकर बल्लेबाजी करने के लिए कहा गया। उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी की। नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों ने अपने प्लान बनाए और वे हिंगारिया के सामने एग्जीक्यूट भी कर रहे थे। थोड़ी देर आराम से खेलने के बाद उन्होंने भी कुछ बड़ी हिट्स लगाईं।
नीदरलैंड्स कर रही है कड़ी मेहनत
डच टीम भले ही सुपर 8 के लिए क्वालीफाई नहीं करेगी, लेकिन कम संसाधन होने के बाद भी वह अपना पूरा प्रयास कर रही है ताकि वह और अच्छा खेल सके।
पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में अगर मैक्स ओ’डाउड ने फहीम अशरफ का कैच न छोड़ा होता, तो वह इस समय सुपर 8 में क्वालीफाई करने की रेस में होती। अब तक खेले 3 मैच में 1 जीत और 2 हार का सामना करना पड़ा है।

