पाकिस्तान की सेमीफाइनल उम्मीद अब इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत और अपनी ऐतिहासिक जीत पर निर्भर है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में न्यूजीलैंड की श्रीलंका पर 61 रनों की बड़ी जीत ने ग्रुप 2 की तस्वीर लगभग साफ कर दी है। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है, जबकि श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। अब दूसरा स्थान न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच तय होना है, लेकिन पाकिस्तान के लिए रास्ता बेहद कठिन है।
मौजूदा पॉइंट्स टेबल के अनुसार इंग्लैंड 4 अंक और +1.491 नेट रन रेट के साथ टॉप पर है और सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। इसके अलावा, न्यूजीलैंड 3 अंक और +3.05 नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान और पाकिस्तान 1 अंक और -0.461 नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि श्रीलंका 0 अंक और -2.80 नेट रन रेट के साथ बाहर हो चुका है।
इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच पर टिकी पाकिस्तान की सबसे बड़ी उम्मीद
पाकिस्तान को अपना आखिरी मुकाबला 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेलना है, लेकिन उससे पहले 27 फरवरी को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला मैच उनके लिए निर्णायक होगा।
यदि न्यूजीलैंड उस मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ जीत दर्ज करता है, तो वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। इसलिए पाकिस्तान चाहेगा कि इंग्लैंड किसी भी तरह न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराए, ताकि न्यूजीलैंड का नेट रन रेट नीचे आए और उनके लिए समीकरण आसान हो सके।
यदि न्यूजीलैंड को भारी हार मिलती है, तभी पाकिस्तान के लिए मौका बनेगा कि वह श्रीलंका के खिलाफ जीतकर उसके नेट रन रेट को पीछे छोड़ सके।
श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने पर पाकिस्तान को चाहिए बड़ी जीत
यदि न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ करीबी हार झेलनी पड़ती है, तो पाकिस्तान के लिए काफी कठिन स्थिति खड़ी हो जाएगी। यदि न्यूजीलैंड के वर्तमान नेट रन रेट को आधार मानकर चलें तो, इसे पीछे छोड़ने के लिए पाकिस्तान को इतिहास रचना होगा। उसे इस तरह से बल्लेबाजी करनी होगी, जैसा उससे पहले किसी भी टीम ने टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट ने ना सोची होगी और ना ही किसी ने देखी होगी।
उदाहरण के तौर पर यदि पाकिस्तान 220 रन बनाता है, तो उसे लगभग 155 रन से जीत हासिल करनी पड़ेगी। 200 रन के स्कोर पर करीब 152 रन से जीत और 180 रन पर लगभग 149 रन से जीत जरूरी होगी। टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में पाकिस्तान का श्रीलंका के खिलाफ ऐसा होना लगभग नामुमकिन है।
लक्ष्य का पीछा करते समय समीकरण लगभग असंभव
यदि पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करना पड़ता है, तो स्थिति और भी कठिन हो जाती है। उन्हें 100 रन का लक्ष्य लगभग 4.2 ओवर में, 120 रन 5.1 ओवर में और 140 रन का लक्ष्य करीब 6.2 ओवर में हासिल करना होगा। इस तरह का रन चेज होना भी लगभग असंभव है।
न्यूजीलैंड का बेहतरीन नेट रन रेट बना पाकिस्तान का सबसे बड़ा दुश्मन
न्यूजीलैंड की बड़ी जीत के बाद उसका नेट रन रेट +3.05 तक पहुंच गया है, जो पाकिस्तान के -0.461 से बहुत आगे है। यही अंतर पाकिस्तान को इतने असाधारण परिणाम की जरूरत में डाल रहा है। यदि पाकिस्तान सामान्य अंतर से जीतता है, तो अंक बराबर होने की स्थिति में भी नेट रन रेट के कारण वह न्यूजीलैंड से पीछे ही रहेगा। हालांकि, इस कैलकुलेशन की जरूरत तभी पड़ेगी, जब इंग्लैंड किसी भी हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत हासिल करे।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

