टीम इंडिया को 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में मुकाबला खेलना हैं। इस बड़े मुकाबले से पहले भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज़ रिंकू सिंह को लेकर अहम अपडेट सामने आई है।
रिंकू के पिता का निधन हो गया था और उसके बाद भी वो दोबारा टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं। बीसीसीआई के अनुसार रिंकू 28 फरवरी को कोलकाता में टीम के साथ जुड़ जाएंगे, जहां वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 का ‘वर्चुअल क्वार्टरफाइनल ’ मुकाबला खेला जाना है।
28 फरवरी को टीम के साथ जुड़ेंगे रिंकू सिंह
रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का 27 फरवरी की सुबह ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया था। अलीगढ़ में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस मुश्किल घड़ी में रिंकू अपने परिवार के साथ थे। क्रिकेट जगत से भी उन्हें संवेदनाएं मिलीं। रिंकू सिंह 28 फरवरी को टीम इंडिया के साथ जुड़ जायेंगे।
साउथ अफ्रीका मैच के बाद अपने पिता को देखने पहुंचे थे रिंकू
टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप की डिफेंडिंग चैंपियन है और वो अपने ताज को बचाने के लिए कोलकता पहुँच चुकी हैं। रिंकू इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले के बाद पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने पर उनसे मिलने के लिए लौट गए थे। बाद में वे जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले दोबारा टीम के साथ जुड़े।
टी20 वर्ल्ड कप में रिंकू का प्रदर्शन रहा है ठीक ठाक
इस टी20 वर्ल्ड कप में रिंकू सिंह का प्रदर्शन औसत रहा है। अधिकतर मौकों पर उन्हें अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी का मौका मिला। 5 पारियों में उन्होंने 24 रन बनाए, जिसमें दो बार नाबाद रहे और सर्वश्रेष्ठ स्कोर 11* रहा। वहीं, इस साल खेले गए 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 8 पारियों में उन्होंने 115 रन बनाए हैं। उनका औसत 28.75 और स्ट्राइक रेट 132.18 रहा है, जबकि सर्वोच्च स्कोर नाबाद 44 रन है।
भारत के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। इस मैच को जीतने वाली टीम ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। पिछले मैच में रिंकू सिंह टीम के साथ थे लेकिन उन्हें प्लेइंग 11 में मौका नहीं दिया गया था और अब देखना होगा कि उन्हें इस मैच में जगह मिलती हैं या नहीं?







