फिन ऐलन के रिकॉर्ड तोड़ शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 170 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 12.5 ओवरों में ही हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड अब फाइनल में पहुंच गया है, जहां उसका सामना भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
मार्को यांसिन की 55 रनों की पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने बनाए थे 169 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) और रायन रिकेल्टन (Ryan Rickelton) जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम पर शुरुआती दबाव बन गया।
कप्तान ऐडन मार्करम (Aiden Markram) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 20 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस (Dewald Brevis) ने 27 गेंदों पर 34 रन की उपयोगी पारी खेली।
मिडिल ऑर्डर में ट्रिस्टन स्टब्स (Tristan Stubbs) ने 24 गेंदों पर 29 रन बनाए, लेकिन असली अटैक आखिर में देखने को मिला। ऑलराउंडर मार्को यांसिन (Marco Jansen) ने सिर्फ 30 गेंदों पर नाबाद 55 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए।
फिन ऐलन और टिम सैफर्ट ने न्यूजीलैंड को दी तूफानी शुरुआत
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। टिम सैफर्ट (Tim Seifert) और फिन ऐलन (Finn Allen) ने पावरप्ले में ही साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 9.1 ओवरों में 117 रन की साझेदारी कर दी। सैफर्ट ने 33 गेंदों पर 58 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। हालांकि सैफर्ट के आउट होने के बाद भी न्यूजीलैंड की रफ्तार कम नहीं हुई।
फिन ऐलन ने 33 गेंदों पर लगाया ऐतिहासिक शतक
न्यूजीलैंड के लिए इस मैच के सबसे बड़े हीरो फिन ऐलन रहे। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों पर नाबाद 100 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनका यह शतक टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक बन गया।
इसके साथ ही यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से तीसरा सबसे तेज शतक भी है। खास बात यह रही कि किसी भी यह फुल मेम्बर टीम के बल्लेबाज द्वारा लगाया गया संयुक्त रूप से सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक है। इतने ही गेंदों पर जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा ने भी शतक लगाया है। ऐलन की इस तूफानी पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवरों में ही 173 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
अब फाइनल में किससे होगा सामना
इस शानदार जीत के साथ न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गया है। अब फाइनल में उसका सामना भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। जिस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी न्यूजीलैंड ने इस मैच में दिखाई है, उससे साफ है कि फाइनल मुकाबला भी बेहद रोमांचक होने वाला है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







