टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर आमने सामने हैं। नॉकआउट मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है, ऐसे में एडेन मार्करम की अगुवाई वाली साउथ अफ्रीकी टीम पहले बल्लेबाजी करेगी।
इस टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका अब तक शानदार फॉर्म में नजर आई है और टीम बिना कोई मैच गंवाए सेमीफाइनल तक पहुंची है। वहीं न्यूजीलैंड ने उतार चढ़ाव भरे अभियान के बाद नॉकआउट में जगह बनाई है और अब टीम की नजर फाइनल में पहुंचने पर होगी।
SA vs NZ: कप्तानों ने क्या कहा
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतने के बाद कहा कि टीम पहले गेंदबाजी करना चाहती है क्योंकि पिच पिछली रात अच्छी नजर आई थी और शुरुआत में गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि तेज गेंदबाज मैट हेनरी टीम में लौट आए हैं और जेम्स नीशम को भी प्लेइंग XI में शामिल किया गया है।
वहीं साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने कहा कि टीम इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार क्रिकेट खेल रही है और सभी खिलाड़ियों ने अलग अलग समय पर योगदान दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुकाबले के लिए टीम में तीन बदलाव किए गए हैं और कगिसो रबाडा, मार्को यानसन और केशव महाराज की वापसी हुई है।
SA vs NZ सेमीफाइनल की पिच रिपोर्ट
कोलकाता के ईडन गार्डन्स की पिच आम तौर पर बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है, लेकिन इस मुकाबले में सतह पर कुछ अलग परिस्थितियां देखने को मिल सकती हैं। पिच पर ऑफ स्टंप लाइन के आसपास कुछ दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे नई गेंद के साथ हल्की अनियमित उछाल मिल सकता है।
मैदान की स्क्वायर बाउंड्री लगभग 62 और 66 मीटर की है, जबकि सीधी बाउंड्री करीब 74 मीटर है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे ही गेंद पुरानी होगी, बल्लेबाजी आसान हो सकती है। इसके अलावा शाम के समय ओस का असर भी देखने को मिल सकता है, जो दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए फायदेमंद हो सकता है।
SA vs NZ सेमीफाइनल में दोनों टीमों की प्लेइंग XI
साउथ अफ्रीका (SA) ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यांसिन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी
न्यूजीलैंड (NZ) टिम सैफर्ट (विकेटकीपर), फिन ऐलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैक्कॉन्ची, मैट हेनरी, लोकी फर्ग्यूसन
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

