टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम लगातार चोट से जूझ रही थी। उनके मुख्य तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड चोट की वजह से बाहर हो गए थे। हालाँकि अब ऑस्ट्रेलियन सेलेक्टर्स ने उनकी रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज की जगह पर पूर्व कप्तान को मौका दिया गया है। तो चलिए जानते हैं कि अब उनके आने से टीम में क्या फर्क पड़ेगा?
स्टीव स्मिथ ने किया जोश हेज़लवुड को रिप्लेस

ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए चोटिल जोश हेज़लवुड की जगह पर पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ को जगह दी है। हेज़लवुड टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही चोटिल हो गए थे लेकिन उनकी रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया था। हालाँकि अब ऑस्ट्रेलिया ने ज़िम्बाब्वे से मैच हारने के बाद रिप्लेसमेंट ले ली है।
स्टीव स्मिथ इस समय काफी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। पहले तो उन्होंने अपनी कप्तानी में एशेज जिताई और उसके बाद बिग बैश लीग में अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए सिडनी सिक्सर्स को फाइनल में पहुँचाया।
2024 में खेला था आखिरी टी20 मुकाबला
स्मिथ को टी20 वर्ल्ड कप की टीम में जगह न मिलने के कारण सेलेक्टर्स की लगातार आलोचना हुई थी कि उन्होंने अच्छी फॉर्म में होने के बाद भी उनको नजरअंदाज किया है। वो भी तब जब उनका मिडिल ऑर्डर फॉर्म में नहीं है।
स्टीव स्मिथ ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के लिए साल 2024 में खेला था। उसके बाद से वो टीम से लगातार बाहर चल रहे थे। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ उनको दो मैचों में मौका दिया गया था, लेकिन वो रन बनाने में सफल नहीं हुए थे, जिसके चलते उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया था।
श्रीलंका से ऑस्ट्रेलिया के लिए करो या मरो का मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट बन गया है। ज़िम्बाब्वे के खिलाफ हार ने ऑस्ट्रेलिया का कैंपेन डिरेल कर दिया है। अब उनके लिए हर मुकाबला करो या मरो वाला बन गया है।
स्टीव स्मिथ के आने से ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी लाइनअप थोड़ी अच्छी हो गई है। क्योंकि श्रीलंका में स्पिन विकेट मिल रही हैं और वो स्पिन के दुनिया में सबसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं। ऑस्ट्रेलिया का सामना 16 फरवरी को श्रीलंका से होना है।







