टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे की एक सीरीज समाप्त हो गई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली थी, जबकि टी20 सीरीज का आगाज वहां की राजधानी कैनबरा में होगा।
भले ही टीम इंडिया को वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन टी20 में वो इस समय दुनिया की नंबर एक टीम है और अविजित रहते हुए उन्होंने एशिया कप का ताज अपने नाम किया था। अब वो ऑस्ट्रेलिया को भी उन्हीं के घर में न सिर्फ कड़ी टक्कर देना चाहेंगी, बल्कि सीरीज भी अपने नाम करना चाहेंगी। तो चलिए जानते हैं कि पहले टी20 में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन किस प्रकार से दिख सकती है।
शुभमन और अभिषेक संभाल सकते हैं ओपनिंग की जिम्मेदारी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मैच में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करते हुए दिख सकते हैं। दोनों ने एशिया कप से ही ओपनिंग करनी शुरू की है, लेकिन उनका रिकॉर्ड अब तक कुछ खास नहीं है, हालांकि वो इस सीरीज में उसे बेहतर करना चाहेंगे।
गिल का एशिया कप कुछ खास नहीं गया था, लेकिन अभिषेक शर्मा लगातार फॉर्म में हैं और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए रन बना रहे हैं। शुभमन ने वनडे सीरीज में अच्छी शुरुआत जरूर की थी, लेकिन उसे वो बड़ी पारी में नहीं बदल पाए थे। हालांकि इस सीरीज में वो उसे बदलना चाहेंगे।
सूर्या की फॉर्म चिंता का विषय
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव की हालिया फॉर्म बहुत अच्छी नहीं है। जब से उन्होंने कप्तानी संभाली है, तब से वो खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और वो न तो तेजी से रन बना पा रहे हैं और न ही उस स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर पा रहे हैं, जिसके लिए वो जाने जाते थे। हालांकि उनकी कप्तानी में टीम एक भी सीरीज नहीं हारी है और इस सीरीज में भी वो उस स्ट्रीक को बरकरार रखना चाहेंगे।
तिलक, शिवम और संजू संभालेंगे मध्यक्रम
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा, शिवम दुबे और संजू सैमसन खेलते हुए दिख सकते हैं। इन तीनों ने एशिया कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था। तिलक ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में अपने करियर की सबसे बेहतरीन पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। इसलिए इनकी जगह पर किसी को कोई संदेह नहीं है।
कुलदीप को मिल सकती है जगह
वहीं अगर पहले मैच में गेंदबाजी की बात की जाए, तो टीम इंडिया दो तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। जसप्रीत बुमराह के साथ अर्शदीप को मौका दिया जा सकता है, जबकि वरुण चक्रवर्ती का भी प्लेइंग इलेवन में खेलना लगभग तय है।
हालांकि एक स्पॉट के लिए कई प्लेयर्स के बीच जंग चल रही है, जिसमें हर्षित राणा, नितीश रेड्डी और कुलदीप यादव फ्रंट रनर्स हैं। हालांकि कुलदीप ने आखिरी वनडे में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके चलते उन्हें मौका दिया जा सकता है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव

