टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज़ तिलक वर्मा चोटिल हो गए, जिसकी वजह से ईशान किशन को शानदार घरेलू क्रिकेट में परफॉर्मेंस के बाद टीम में जगह दी गई। उनकी चोट ने उनके लिए प्लेइंग इलेवन में भी दरवाज़े खोल दिए और जब उन्हें खेलने का मौका मिला, तो उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाज़ी से सभी को काफ़ी प्रभावित किया है।
ईशान न्यूज़ीलैंड के खिलाफ नंबर 3 पर खेल रहे थे, जो कि तिलक वर्मा की जगह है और उस स्थान पर उनके अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए अब टीम मैनेजमेंट के पास गुड हेडेक है। तो चलिए देखते हैं इंटरनेशनल क्रिकेट में दोनों खिलाड़ियों में से किसका प्रदर्शन बेहतर हैं?
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ईशान कर रहे हैं धमाकेदार बल्लेबाज़ी

ईशान किशन की भले ही दो सालों के बाद भारतीय टीम में वापसी हो रही हो, लेकिन वो अपने करियर में बहुत समय तक ओपनिंग कर चुके हैं और उसमें उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, जो उनके बाहर होने की वजह बना था। हालांकि उसके बाद उन्होंने अपने खेल में काफ़ी काम किया है, जिसके नतीजे अब देखने को भी मिल रहे हैं।
ईशान किशन का अब तक भले ही टी20 करियर कुछ खास नहीं रहा हो, लेकिन जब से उन्होंने वापसी की है, तब से वो काफ़ी बदले हुए अंदाज़ में खेल रहे हैं। उन्होंने नंबर 3 में आकर लगातार दो मुकाबलों में कमाल की पारियां खेली हैं। उन्होंने डोमेस्टिक क्रिकेट में अपनी फॉर्म का पूरा फायदा उठाया है। पिछले 3 मैचों में उनके बल्ले से 112 रन निकले हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी काफ़ी बढ़िया है, जिसकी शिकायत हमेशा ही उनसे की जाती थी।
ईशान किशन का टी20 इंटरनेशनल करियर
ईशान ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 35 मैचों में 26.70 की औसत और 131.59 की स्ट्राइक रेट से 908 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं। किशन ने अपने करियर में ज़्यादातर समय ओपन किया है। हालांकि जब वो टीम इंडिया के लिए खेल रहे थे, तब से लेकर अब तक टी20 क्रिकेट में काफ़ी बदलाव देखने को मिला है।
- मैच : 35
- पारियाँ : 35
- रन : 908
- औसत : 26.70
- स्ट्राइक रेट : 131.59
- अर्धशतक : 7
- शतक : 0
नंबर 3 पर खेलना बना तिलक वर्मा के करियर का टर्निंग पॉइंट
तिलक वर्मा ने टीम इंडिया के लिए अब तक काफ़ी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने हर कंडीशन में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए मैच जिताए हैं। एशिया कप फाइनल में दुबई की मुश्किल विकेट पर पाकिस्तान के खिलाफ अकेले डटे रहकर मैच जिताना हो या फिर साउथ अफ्रीका में लगातार दो शतक लगाना हो, वो हर पहलू पर खरे उतरे हैं।
तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज़ में कप्तान सूर्यकुमार यादव से नंबर 4 की जगह नंबर 3 में बल्लेबाज़ी करने की मांग की थी, उसके बाद उनके करियर में काफ़ी उछाल आया है।
तिलक वर्मा का टी20 इंटरनेशनल में प्रदर्शन
तिलक ने टीम इंडिया के लिए टी20 में 40 मैच खेले हैं, जिसमें 49.29 की औसत और 144.09 के स्ट्राइक रेट से 1183 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 6 अर्धशतक भी निकले हैं।
- मैच : 40
- पारियाँ : 37
- रन : 1183
- औसत : 49.29
- स्ट्राइक रेट : 144.09
- अर्धशतक : 6
- शतक : 2
टी20 क्रिकेट में ईशान से अच्छा है तिलक का करियर
तिलक वर्मा का प्रदर्शन टी20 क्रिकेट में ईशान किशन से बेहतर है और जब भी तिलक फिट होते हैं, तो वो अपनी जगह पर आकर ही खेलेंगे। तिलक के आंकड़े किशन से काफ़ी ज़्यादा अच्छे हैं। हालाँकि ईशान ने 2025-26 के डोमेस्टिक सीज़न से जो बदलाव दिखाया है, वो काबिले-तारीफ है। वो अब काफ़ी ज़्यादा फ्रीली खेल रहे हैं, जिसके चलते उन्हें टीम इंडिया में दो सालों के बाद कमबैक करने का मौका मिला था।
टी20 वर्ल्ड कप में ईशान और तिलक दोनों खेल सकते हैं। संजू सैमसन लगातार बल्ले से फेल रहे हैं और ईशान जिस फॉर्म में चल रहे हैं, टीम मैनेजमेंट उनकी इस धमाकेदार फॉर्म को ज़ाया नहीं जाने देगी।







